Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में SIR की अंतिम सूची जारी होते के बाद सियासत तेज, कांग्रेस-बीजेपी में वार-पलटवार

Politics on Chhattisgarh SIR: छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर सरकार इसे मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया बता रही है। वहीं कांग्रेस ने बड़े पैमाने पर वोट काटे जाने का आरोप लगाया है। डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि यह प्रक्रिया बेहद आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में समय-समय पर गड़बड़ियां सामने आती हैं, जिन्हें सुधारना जरूरी है, जो लोग अब जीवित नहीं हैं या स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं, उनके नाम सूची में बने हुए थे। ऐसे नाम हटाना अनिवार्य था।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के कटे नाम 

डिप्टी CM शर्मा ने यह भी कहा कि अगर कोई घुसपैठिया मतदाता सूची में शामिल है तो उसका नाम हटाया जाना चाहिए। वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बैज ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी ने मिलकर एसटी, एससी और अल्पसंख्यक वर्ग के वोट काटे हैं। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान भी कांग्रेस ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थी, लेकिन उन्हें नजरअंदाज किया गया। कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे प्रदेश में काटे गए नामों की जातिवार सूची सार्वजनिक की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। (Politics on Chhattisgarh SIR)

भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव का पलटवार

SIR की अंतिम सूची के मुताबिक करीब 24 लाख 99 हजार 823 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इस पर कांग्रेस प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने कहा कि भाजपा ने अधिकारियों के जरिए बड़े पैमाने पर वोट कटवाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है। मलकीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस संबंध में चुनाव आयोग को शिकायत भी की है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं है। जब उनके विधायक चुनाव जीतकर आते हैं तो ईवीएम पर कोई सवाल नहीं उठता, लेकिन हार या प्रक्रिया में बदलाव होने पर आरोप लगाए जाते हैं।

फाइनल लिस्ट के बाद राजनीतिक बहस तेज

किरण देव ने कहा कि सरकार में आने की जल्दबाजी में कांग्रेस प्रदेश में भ्रम और उथल-पुथल का माहौल बना रही है। SIR की अंतिम सूची जारी होने के बाद जहां एक ओर सरकार इसे मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया बता रही है, वहीं विपक्ष इसे सुनियोजित तरीके से वोट काटने की कार्रवाई बता रहा है। अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर चुनाव आयोग की ओर से आगे क्या स्पष्टीकरण आता है और क्या कांग्रेस अपनी मांगों को लेकर कोई बड़ा कदम उठाती है। फिलहाल SIR को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है। (Politics on Chhattisgarh SIR)

Back to top button
error: Content is protected !!