कवर्धा में 5 करोड़ का गांजा जब्त, ओडिशा से राजस्थान जा रही थी खेप, रास्ते में धराया तस्कर

Ganja Smuggling in Kawardha: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने 5 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई जिले के सीमावर्ती चिल्फी थाना क्षेत्र में की गई, जहां वाहन चेकिंग के दौरान नागालैंड पासिंग एक कंटेनर से लगभग 900 किलो यानी 9 क्विंटल गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से राजस्थान की ओर भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा पर घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए विशेष गुप्त चैंबर से 30 बोरियां बरामद हुई, जिनमें हर बोरी में 30-30 किलो गांजा भरा हुआ था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में सड़क मौतों पर सियासी भूचाल, सत्ता पक्ष के विधायक ने ही सरकार को घेरा
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर की कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा और कंटेनर दोनों को जब्त कर लिया है। मौके से पुलिस ने आरोपी आयाज खान को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह खेप ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। (Ganja Smuggling in Kawardha)

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने बताया कि नियमित वाहन चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली है। वहीं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को कबीरधाम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।



