गृह मंत्री शर्मा की पहल: आत्मसमर्पित नक्सलियों ने किया नंदन वन जंगल सफारी का भ्रमण, पुनर्वास की ओर बढ़ते कदम

रायपुर। प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सल पुनर्वास नीति को जमीनी स्तर पर लागू करते हुए एक अनोखी पहल की है। पुनर्वास योजना के तहत आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व नक्सलियों को राजधानी रायपुर स्थित नंदन वन जंगल सफारी घुमाने ले जाया गया, जहां उनसे खुलकर बातचीत की गई और उनके अनुभव सुने गए। इसे पुनर्वास नीति के मानवीय दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े :- होलिका दहन पर विशेष: काले तिल का उपाय शनि-राहु दोष में लाभकारी, जानें ज्योतिषीय मान्यता और विधि
सफारी भ्रमण के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा ने सभी पूर्व नक्सलियों को अपने सरकारी निवास पर भोजन के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनके वर्तमान जीवन, जरूरतों और पुनर्वास की स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके लोग अब सामान्य जीवन से संतुष्ट हैं और पहले की तुलना में खुद को अधिक सुरक्षित व स्थिर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की पहल और सहयोग के लिए गृह मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
बताया जा रहा है कि आज सुबह 11 बजे ये सभी लोग विधानसभा भी जाएंगे, जहां वे विधानसभा की कार्यवाही को देखेंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझेंगे।



