होली से पहले सख्ती, अवैध शराब को लेकर बड़ा अभियान, कई जिलों में कार्रवाई तेज

Strictness Before Holi: होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए छत्तीसगढ़ के कई जिलों में प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आबकारी विभाग, पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। राजनांदगांव जिले में आबकारी विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से कुल 7.680 बल्क लीटर महाराष्ट्र निर्मित देशी और विदेशी शराब जब्त की गई।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में हर्बल गुलाल की धूम, इस बार सुरक्षित और ‘वोकल फॉर लोकल’ वाली होली
जब्त शराब में एमसी डॉवेल्स नंबर 1 व्हिस्की, मैजिक मोमेंट, रॉयल चैलेंजर, मीठी सौंफ, फिरकी संत्री और सेवन स्टार पंच शामिल हैं। इसी तरह बरनालाकला गांव के नाले किनारे से 100 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब और 1000 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया। जिला प्रशासन ने होटल, ढाबों और शराब दुकानों की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि होली के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। (Strictness Before Holi)

मुंगेली जिले में भी होली से पहले अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। 01 मार्च को की गई कार्रवाई में 10.6 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। अलग-अलग मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। एक आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि होली जैसे बड़े त्योहारों पर अवैध शराब की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
4 मार्च को पूरे छत्तीसगढ़ में बंद रहेंगी शराब दुकानें
छत्तीसगढ़ सरकार ने 4 मार्च 2026 को होली के अवसर पर पूरे राज्य में शुष्क दिवस घोषित किया है। इस दिन सभी देशी और विदेशी शराब दुकानें बंद रहेंगी। कंपोजिट मदिरा दुकानें बंद रहेंगी। अहाते और सैनिक कैंटीन की फुटकर बिक्री बंद रहेगी। अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी निगरानी रहेगी। शासन-प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होली को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
अंबिकापुर में कलेक्टर ने बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि होली (4 मार्च) के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखा जाए। कलेक्टर ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर तुरंत कार्रवाई, असामाजिक तत्वों पर नजर, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, अस्पतालों में डॉक्टर और स्टाफ की उपलब्धता, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और गोताखोरों की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

शांति और भाईचारे से होली मनाने की अपील
वहीं जांजगीर-चांपा में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि होली प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि जबरन रंग न लगाएं। शराब पीकर वाहन न चलाएं। तेज रफ्तार और प्रेशर हॉर्न से बचें। होली के दिन अतिरिक्त पुलिस बल, बाइक पेट्रोलिंग, मोबाइल पार्टी और डायल-112 सेवा सक्रिय रहेगी। कई जिलों में प्रशासन का साफ संदेश है कि होली खुशियों का त्योहार है, लेकिन इसे कानून-व्यवस्था और सामाजिक मर्यादा के साथ मनाना जरूरी है। अवैध शराब के खिलाफ सख्ती, शुष्क दिवस की घोषणा और सुरक्षा व्यवस्था का मकसद यही है कि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। लोगों से अपील की गई है कि नियमों का पालन करें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें और मिलजुलकर सुरक्षित होली मनाएं।



