Google Analytics —— Meta Pixel

जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, गुप्तांग में डंडा डालकर ली जान, पति, सौतन और देवर-देवरानी ने मिलकर किया कत्ल

Woman Murder in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जादू-टोना के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक महिला के पति, सौतन, देवर और देवरानी ने मिलकर महिला के गुप्तांग में लकड़ी का डंडा डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र के गट्टी महुआ गांव का है। मृतिका की पहचान गोईदी बाई (48 साल) के रूप में हुई है, जो पति ठूपन राम के साथ गट्टी महुआ गांव में रहती थी।

यह भी पढ़ें:- गुरुग्राम में अचानक गिरी निर्माणाधीन मिट्टी की दीवार, 7 मजदूरों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

घटना की जानकारी 6 मार्च को मृतिका के भाई सहलू राम ने सन्ना थाने में दी। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बड़ी बहन घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान मिले। साथ ही महिला के गुप्तांग में गंभीर चोट के निशान पाए गए। शक के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया कि महिला की मौत गुप्तांग में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। इससे साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

जादू-टोना के शक से शुरू हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गोईदी बाई के पति ठूपन राम ने दूसरी शादी फुला बाई से की थी। गोईदी बाई और उसकी सौतन फुला बाई के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। 5 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद फुला बाई और ठूपन राम खेत की ओर चले गए, जहां उसका छोटा भाई सुनील राम (23) और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई (22) एक झोपड़ी में बैठे थे। कुछ देर बाद गोईदी बाई भी बर्तन धोने के लिए उसी दिशा में जा रही थी। तभी ठूपन राम उसे बहला-फुसलाकर झोपड़ी में ले गया, जहां चारों ने मिलकर शराब पी।

चारों ने मिलकर की बेरहमी से हत्या

इसी दौरान सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में बच्चा नहीं होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे गोईदी बाई का जादू-टोना जिम्मेदार है। इसी शक के चलते विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मिलकर गोईदी बाई पर हमला कर दिया। देवर सुनील राम ने महिला के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। पति ठूपन राम और सौतन फुला बाई ने उसके हाथ-पैर पकड़कर दबोच लिया। इसके बाद देवरानी सुरन्ती बाई और देवर सुनील राम ने मिलकर लकड़ी का डंडा महिला के गुप्तांग में डाल दिया। गंभीर चोट लगने से गोईदी बाई की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद शव छिपाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया और ऊपर से कंबल ढक दिया, ताकि घटना छिपाई जा सके, लेकिन पुलिस की कड़ी पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मृतिका का पति ठूपन राम (45), सौतन फुला बाई (48), देवर सुनील राम (23) और देवरानी सुरन्ती बाई (22) शामिल हैं। चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार के लोगों को मृतिका पर जादू-टोना करने का शक था। इसी वजह से विवाद हुआ और चारों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

जिले में जादू-टोना के शक में दूसरी हत्या

बता दें कि जशपुर जिले में पिछले 6 महीनों में जादू-टोना के शक में हत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले नवंबर 2025 में जामुन जोबला गांव में मुकेश पहाड़ी (22) ने अपनी बुआ की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। उसे शक था कि उसकी बुआ ने उसके बच्चों पर तंत्र-मंत्र किया है, जिससे वे बीमार रहते हैं। इन घटनाओं ने समाज में फैले अंधविश्वास और जादू-टोना जैसी कुरीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आज भी कई इलाकों में बीमारी, संतान न होने या किसी पारिवारिक समस्या का ठीकरा किसी व्यक्ति पर जादू-टोना के शक में फोड़ दिया जाता है, जिसका परिणाम कई बार ऐसी दर्दनाक और अमानवीय घटनाओं के रूप में सामने आता है। जशपुर की घटनाएं भी इसी कड़वी सच्चाई को उजागर करती है कि अंधविश्वास और आपसी विवाद किस तरह इंसानियत को खत्म कर देते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए समाज में जागरूकता और कानून का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है।

Back to top button
error: Content is protected !!