Google Analytics —— Meta Pixel

गुरुग्राम में अचानक गिरी निर्माणाधीन मिट्टी की दीवार, 7 मजदूरों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

Accident in Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की दीवार गिरने से सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गुरुग्राम के सिधरावली इलाके में स्थित ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में हुआ, जहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण कार्य चल रहा था। अधिकारियों के मुताबिक सोमवार रात करीब 8 बजे बेसमेंट में मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई। उस समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे। दीवार गिरते ही 10 से 15 मजदूर मिट्टी और मलबे के नीचे दब गए।

यह भी पढ़ें:- Donald Trump Statement : स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद किया तो 20 गुना ज्यादा मार पड़ेगी, ट्रंप की ईरान को सख्त चेतावनी

घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस, SDRF और अन्य राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंची। बचाव दलों ने मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से राजस्थान के भिवाड़ी स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सात मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में परमेश्वर, मंगल, मिलन, भागीरथ, सतीश, शिव शंकर और छोटेलाल शामिल हैं। (Accident in Gurugram)

वहीं शिवकांत, दीनदयाल और इंद्रजीत की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल मजदूर उत्तर प्रदेश और नेपाल के रहने वाले थे। घटना के बाद निर्माण कंपनी की ओर से सोसाइटी के मुख्य गेट पर बाउंसर तैनात कर दिए गए हैं और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बिलासपुर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। (Accident in Gurugram)

Back to top button
error: Content is protected !!