युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी पूंजी, AI, डिजिटल इकोनॉमी और स्किल पर बढ़ेगा फोकस: PM मोदी

PM Modi on Post Budget: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ सबका विकास-जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति’ विषय पर आयोजित पोस्ट बजट वेबिनार के चौथे सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना यानी जन आकांक्षाओं की पूर्ति केवल एक चर्चा का विषय नहीं है, ये इस बजट का मूल ध्येय है और इस सरकार का संकल्प भी है। इन जन आकांक्षाओं की पूर्ति का बहुत बड़ा माध्यम शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, संस्कृति ऐसे मूलभूत सेक्टर्स हैं। बजट घोषणाओं की कार्यान्वयन के लिए इन विषयों से जुड़े सभी विशेषज्ञ, नीति निर्माता और विद्वान, उद्यमी और मेरे युवा साथी सभी के विचार और सुझाव बहुत अहम हैं।
यह भी पढ़ें:- शिक्षा से समाज मजबूत और प्रगतिशील बनता है : मुख्यमंत्री साय
PM मोदी ने कहा कि भारत आज प्रिवेंटिव और होलिस्टिक हेल्थ के लिए एक विशाल विजन पर काम कर रहा है। पिछले कुछ सालों में देश का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है, सैकड़ों जिलों में नए-नए मेडिकल कॉलेज खुल गए हैं। आयुष्मान भारत योजना, आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ाई गई है। हमारे योग और आयुर्वेद पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहे हैं। आने वाले दशक में देश में सीनियर सिटीजन्स की संख्या तेजी से बढ़ेगी। इसके अलावा वर्तमान में दुनिया के कई देशों में केयरगिवर्स की भारी मांग है। इसलिए अब हेल्थ सेक्टर में लाखों युवाओं के लिए, नई स्किल आधारित रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। (PM Modi on Post Budget)

उन्होंने विशेषज्ञों से आग्रह किया कि वे नए प्रशिक्षण मॉडल और साझेदारियों के विकास पर सुझाव दें, ताकि देश में प्रशिक्षण इकोसिस्टम और ज्यादा मजबूत हो। इसी से जुड़ा दूसरा विषय टेली-मेडिसीन का है। आज बड़ी संख्या में दूर-दराज के क्षेत्र के लोग भी इसका लाभ उठा रहे हैं और विश्वास बढ़ता चला जा रहा है, लेकिन मैं समझता हूं कि इसमें अब भी जागरूरकता और सहजता बढ़ाए जाने की बहुत जरूरत है। पिछले एक दशक में देश के माइंडसेट में एक बड़ा परिवर्तन आया है। आज गांव, कस्बा, शहर की सीमाओं से परे भारत का हर युवा कुछ नया करना चाहता है, उसमें कुछ कर गुजरने का जज्बा है। नई पीढ़ी का ये नया माइंडसेट देश की सबसे बड़ी ताकत है, उज्जवल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। इसे कैपिटलाइज करने के लिए हमें अपने एजुकेशन सिस्टम को निरंतर आधुनिक बनाए रखना है, अपग्रेड करते ही रहना है।

PM मोदी ने कहा कि नई एजुकेशन पॉलिसी ने इसके लिए जरूरी बेस तैयार कर दिया है। अब बहुत आवश्यक है कि हमारे करिकुलम मार्केट की जरूरतों के हिसाब से अपडेटेड रहें। हमें हमारे एजुकेशन सिस्टम को रियल वर्ल्ड इकोनॉमी से जोड़ने की प्रक्रिया और तेज करनी होगी, AI और ऑटोमोशन, डिजिटल इकोनॉमी और डिजाइन ड्रिवेन मैन्युफैक्चरिंग जैसे विषयों पर हमें फोकस और बढ़ाना होगा। देश में एजुकेशन को रोजगार और उद्यम से जोड़ने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। विश्वविद्यालय टाउनशिप जैसे नए मॉडल्स में हमारे इसी अप्रोच का प्रतिबिंब है। आज भारत A.V.G.C. सेक्टर यानी एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स को बढ़ावा दे रहा है। भारत इनोवेशन ड्रिवेन इकोनॉमी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने शिक्षाविदों और विशेषज्ञों से आग्रह किया कि वे अपने कैंपस को इंडस्ट्री कोलैबोरेशन और रिसर्च-ड्रिवन लर्निंग के केंद्र के रूप में विकसित करने पर विचार करें, ताकि छात्रों को वास्तविक दुनिया का अनुभव मिल सके।

PM मोदी ने देश के शिक्षाविद और एकेडमिक इंस्टिट्यूशन्स जुड़े लोगों से कहा कि अपने कैंपस को इंडस्ट्री कोलैबोरेशन और रिसर्च ड्रिवन लर्निंग, उसको केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जरूर मंथन हो। इससे स्टूडेंट्स को रियल वर्ल्ड एक्सपोजर मिलेगा और स्किल इकोसिस्टम मजबूत होगा। एक बहुत अहम विषय है STEM यानी विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित। इस क्षेत्र में STEM के विषयों पर रूचि रखने में बेटियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आज जब हम फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी के लिए तैयार हो रहे हैं तो बहुत जरूरी है कि कोई भी बेटी अवसरों के अभाव में रुक न जाए। हमें महिलाओं के पार्टिसिपेशन को बढ़ाने पर और जोर देना होगा। हमें ऐसा रिसर्च इकोसिस्टम तैयार करना होगा, जहां यंग रिसर्चर्स को एक्सपेरिमेंट करने और नए आइडियाज पर काम करने का पूरा अवसर मिले।
स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को नई ऊर्जा दी: PM
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति तभी राष्ट्रीय शक्ति बनती है, जब वह स्वस्थ भी हो, अनुशासित भी हो और आत्मविश्वास से भरी हो। इसीलिए पिछले कुछ सालों में खेलों को राष्ट्रीय विकास की एक महत्वपूर्ण धारा के रूप में देखा गया है। खेलो इंडिया जैसी पहलों ने देश में स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को नई ऊर्जा दी है। देशभर में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ सवालों पर जरूर मंथन करें। जैसे छोटी–छोटी जगहों से भी प्रतिभाओं की पहचान को और सटीक कैसे किया जाए, हजारों खिलाड़ियों को संरचित वित्तीय सहायता में सुधार कैसे हों और तीसरी अहम बात हमारी स्पोर्ट्स बॉडीज को और ज्यादा प्रोफेशनल कैसे बनाया जाए ? अगले कुछ सालों में देश में कॉमनवेल्थ गेम्स होने जा रहे हैं, देश ओलंपिक आयोजन के प्रयास में जुटा है, ऐसे में हमें आज कम आयु के खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें तराशना होगा, तभी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का परचम लहरा पाएगा।
प्रयासों से विकसित भारत की नींव और मजबूत होगी: PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि टूरिज्म और कल्चर, रोजगार के नए अवसर बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। जब किसी स्थान पर टूरिज्म बढ़ता है तो उस स्थान या उस शहर की ब्रैंडिंग भी बढ़ जाती है। इससे उस शहर का ओवरऑल डवलपमेंट भी बहुत तेज होता है। भारत में ऐसे ऐतिहासिक स्थलों की कोई कमी नहीं है, लेकिन लंबे समय तक टूरिज्म कुछ चुनिंदा स्थानों तक ही सीमित रह गया। अब हमें देश के कोने-कोने में टूरिस्ट डेस्टिनेशंस को नए सिरे से डेवलप करने पर फोकस कर रहे हैं। जब संस्थान, उद्योग, शिक्षा जगत मिलकर काम करते हैं, तो परिवर्तन की गति तेज हो जाती है। बजट के बाद वेबिनार की जो ये सिरीज हुई है, मुझे विश्वास है उससे आने वाले समय के लिए ठोस दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे ही प्रयासों से विकसित भारत की नींव और मजबूत होगी।
नवाचार-आधारित अर्थव्यवस्था पर जोर
प्रधानमंत्री ने संस्थानों, उद्योग और शिक्षा जगत के बीच समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे विकास की गति तेज होगी और विकसित भारत की नींव मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि वेबिनार में प्राप्त सुझाव और विचार न केवल समस्याओं के समाधान का मार्गदर्शन करेंगे बल्कि नई ऊर्जा और गति के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी देंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि नवाचार-आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ते हुए भारत के युवाओं और छात्रों के लिए अवसरों का निर्माण लगातार जारी रहेगा और उनका समर्पण और कौशल ही देश के उज्जवल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट के बाद आयोजित ये वेबिनार सिर्फ चर्चा का मंच नहीं, बल्कि नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा तय करने का माध्यम हैं। (PM Modi on Post Budget)



