छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बनाई जांच समिति, प्रदेशभर में बीजेपी कार्यालय घेरने का ऐलान

Congress on Opium Cultivation: छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती को लेकर सियासत तेज हो गई है। बलरामपुर और दुर्ग जिले में अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए जांच समिति का गठन किया है। साथ ही कांग्रेस ने इस मामले को लेकर प्रदेशभर में भाजपा कार्यालयों के घेराव का ऐलान भी किया है। कांग्रेस ने बलरामपुर जिले में अफीम की खेती पाए जाने के मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति बनाई है। इस समिति का संयोजक पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम को बनाया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है और इस पूरे मामले में दोषियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती को लेकर सियासत तेज, पूर्व CM भूपेश बघेल ने सरकार पर लगाया गंभीर आरोप
कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह इस मुद्दे को लेकर 12 मार्च को प्रदेशभर में भाजपा कार्यालयों का घेराव करेगी। पार्टी के नेता जिला स्तर पर भाजपा कार्यालयों के सामने प्रदर्शन करेंगे और सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। इधर, बलरामपुर जिले में जिला प्रशासन ने अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। विकासखंड कुसमी अंतर्गत त्रिपुरी ग्राम पंचायत के सरना टोली क्षेत्र में मुखबिर से अफीम की खेती की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। यह कार्रवाई कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव के मार्गदर्शन में की गई। (Congress on Opium Cultivation)

जांच के दौरान दो एकड़ से ज्यादा जमीन पर अफीम की अवैध खेती पाई गई। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और संबंधित एजेंसियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने क्षेत्र में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की जाएगी। इसके लिए एसएसएल टीम और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम की मौजूदगी में जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं दुर्ग जिले में भी अफीम की अवैध खेती के मामले में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई जारी है। यहां भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत से अब तक करीब 65 हजार किलोग्राम अफीम की फसल जब्त की गई है।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने उनके भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान को भी ध्वस्त कर दिया। जनपद पंचायत क्षेत्र के समोदा गांव में जिला प्रशासन ने शासकीय जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यदु ने राजस्व अमले और पुलिस की टीम के साथ जेसीबी चलाकर कार्रवाई की। प्रशासन ने बताया कि समोदा में खसरा नंबर 778 की शासकीय घास भूमि (रकबा 0.13 हेक्टेयर) पर अवैध रूप से पक्की दुकान और टीन शेड बनाकर कब्जा किया गया था। राजस्व और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाते हुए जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। (Congress on Opium Cultivation)




