मिडिल ईस्ट तनाव का भारत पर असर, LPG बुकिंग नियम बदले, कमर्शियल गैस को लेकर भी चिंता

LPG Cylinder Rules Changed: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और फ्यूल सप्लाई पर असर के बीच भारत सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के मुताबिक अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन की जगह 25 दिन बाद ही बुक कर पाएंगे। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकना और घरेलू उपभोक्ताओं तक गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है। केंद्र सरकार ने देश की रिफाइनरियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे एलपीजी उत्पादन बढ़ाएं और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दें। हालांकि इस बीच कई राज्यों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई सीमित किए जाने की खबरों से होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती का नेटवर्क खंगालेगी सरकार, CM विष्णुदेव साय ने सभी जिलों में जांच के दिए निर्देश
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की संभावित कमी ने ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने संकट खड़ा कर दिया है। मिडिल ईस्ट में युद्ध जैसे हालात के चलते भारत में एलपीजी संकट की आशंका जताई जा रही है। हाल ही में जारी सूचना के अनुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर का वितरण फिलहाल सिर्फ अतिआवश्यक जरूरतों के लिए किया जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में ढाबा और रेस्टोरेंट संचालक वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ एलपीजी फेडरेशन के अध्यक्ष विकास मरकाम के मुताबिक अकेले रायपुर में 200 से ज्यादा रेस्टोरेंट और ढाबे हैं, जिन पर गैस सप्लाई प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है।
PCC चीफ दीपक बैज का केंद्र सरकार पर हमला
इसे लेकर PCC चीफ दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपए और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 115 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। साथ ही कई जगहों पर कमर्शियल गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण व्यवसायिक संस्थानों में घरेलू गैस का उपयोग किया जा रहा है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की नाकामी बताया। कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जितनी आवश्यकता है उतनी गैस की सप्लाई उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की खपत उतनी ज्यादा नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य है।
रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने केंद्र को लिखा पत्र
इस बीच नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर रेस्टोरेंट्स के लिए कमर्शियल एलपीजी की नियमित सप्लाई जारी रखने की मांग की है। संगठन के मुताबिक देश में 5 लाख से ज्यादा रेस्टोरेंट कमर्शियल एलपीजी पर निर्भर हैं और इस क्षेत्र से करीब 80 लाख लोगों को रोजगार मिलता है। NRAI ने चेतावनी दी है कि अगर कमर्शियल गैस की सप्लाई बाधित होती है तो बड़े पैमाने पर रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत आ सकती है। स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने मामले की समीक्षा के लिए एक कमेटी भी गठित की है। (LPG Cylinder Rules Changed)
बुकिंग नियमों में क्या बदलाव ?
- अब बुकिंग और डिलीवरी के बीच 25 दिन का अंतर
- पहले यह सीमा 21 दिन थी
- जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए फैसला
- 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कराया जा सकेगा
- सरकार का दावा-देश में पर्याप्त गैस भंडार उपलब्ध
क्यों बढ़े गैस के दाम ?
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से आने वाली प्राकृतिक गैस (LNG) की आपूर्ति प्रभावित हुई है। 28 फरवरी से इस रास्ते से एलएनजी सप्लाई बाधित होने से वैश्विक स्तर पर लगभग 20 प्रतिशत एलएनजी आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है। भारत अपनी एलएनजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा कतर और संयुक्त अरब अमीरात से इसी मार्ग के जरिए आयात करता है। आपूर्ति प्रभावित होने से एशियाई बाजारों में चिंता बढ़ गई है और इसका असर गैस की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। फिलहाल केंद्र सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है, लेकिन बुकिंग नियमों में बदलाव और कमर्शियल गैस सप्लाई को लेकर उठ रहे सवालों ने इस मुद्दे पर बहस जरूर तेज कर दी है।



