मकान मालिक की हैवानियत: युवती से दुष्कर्म, 9वें महीने में दर्द की दवा देकर मां-बच्चे की मौत

रायपुर : बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां गरीबी और मजबूरी का फायदा उठाते हुए एक 59 वर्षीय मकान मालिक पर 22 साल की युवती से दुष्कर्म करने और गर्भ ठहरने के बाद अपनी करतूत छिपाने के लिए मां और नवजात की मौत का कारण बनने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला Dondilohara थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार आरोपी सुनील घरडे (59) एक बीएसपी के रिटायर्ड कर्मचारी का बेटा है। पीड़ित युवती अपनी मां, भाई और छोटी बहन के साथ आरोपी के किराए के मकान में रहती थी।
बताया जा रहा है कि कोविड काल में युवती के पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। मां मजदूरी करती थी, भाई ठेले पर बर्तन धोने का काम करता था और छोटी बहन पढ़ाई कर रही थी, जबकि युवती अधिकतर समय घर पर ही रहती थी।
मजाक से शुरू हुई बात, फिर बदल गई नीयत
आरोपी अक्सर युवती से मजाक करता था और कहता था कि वह उससे प्रेम करता है। युवती उसे दादा कहकर बुलाती थी। सुनील शादीशुदा है और उसके दो बड़े बच्चे भी हैं, लेकिन वह पत्नी और बच्चों से अलग रहता था।
बताया जाता है कि वह युवती को घर में बुलाकर पैर दबाने के लिए कहता था और धीरे-धीरे पैसों का लालच देने लगा। बाद में उसने डर दिखाकर युवती के साथ जबरन संबंध बनाए। कई बार ऐसा होने के बाद युवती गर्भवती हो गई।
चार महीने बाद खुला राज
जब युवती के पीरियड बंद हुए तो करीब चार महीने बाद मां को गर्भ की जानकारी मिली। मां ने आरोपी को बुलाकर पूछताछ की। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि जो गलती हुई है उसे वह ठीक कर देगा और बदनामी का डर दिखाकर मामले को छिपाने के लिए कहा।
यूट्यूब पर खोजता रहा गर्भ गिराने के तरीके
जांच में सामने आया कि आरोपी गर्भपात के तरीके जानने के लिए बार-बार यूट्यूब पर वीडियो सर्च कर रहा था। जब उसे कोई उपाय समझ नहीं आया तो उसने बच्चे के जन्म के बाद उसे कहीं फेंकने की योजना बनाई।
कानूनी कार्रवाई के डर से वह युवती को डॉक्टर के पास भी नहीं ले गया और लगातार परिवार को धमकाता रहा कि अगर मामला थाने तक पहुंचा तो सबको बर्बाद कर देगा।
लेबर पेन के दौरान दी दर्दनिवारक दवा
बताया गया कि 9 मार्च को नौवें महीने में युवती को लेबर पेन शुरू हुआ। उस समय आरोपी मेडिकल दुकान से बिना डॉक्टर की सलाह के दर्दनिवारक दवाइयां लेकर आया और युवती को खिला दी।
दवा लेने के बाद युवती की हालत बिगड़ गई। बताया जाता है कि इस दौरान बच्चा आधा बाहर आ चुका था और करीब 15 मिनट तक तड़पने के बाद युवती की मौत हो गई। नवजात भी जीवित नहीं बच सका।
आरोपी गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार घरडे को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



