PM आवास योजना में अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र समेत कई कर्मचारी बर्खास्त
PM Awas Yojana Irregularities: सुकमा जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर के निर्देशन में विकासखंड कोंटा की ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक बंडा ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण के लिए दी गई शासकीय राशि के उपयोग में गड़बड़ी की शिकायत जिला प्रशासन को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए एक जांच दल का गठन किया।
यह भी पढे़ं:- पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त आज जारी करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, करोड़ों किसानों के खाते में पहुंचेगी राशि
जांच दल ने दस्तावेजों और योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत जांच की, जिसमें वित्तीय अनियमितता के तथ्य सामने आए। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के तहत ग्राम पंचायत बंडा के तत्कालीन सचिव कृष्ण प्रकाश सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं वर्तमान सचिव गरिमा नाग और सचिव जी. लक्ष्मी को कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है। इसके अलावा ग्राम पंचायत के आवास मित्र, रोजगार सहायक और जनपद पंचायत कोंटा के आवास ऑपरेटर को भी पद से बर्खास्त कर दिया गया है। (PM Awas Yojana Irregularities)

वहीं जनपद पंचायत कोंटा के ब्लॉक समन्वयक (आवास) को कलेक्टर ने अंतिम चेतावनी दी है और भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई से पहले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया गया था। सभी तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि शासकीय योजनाओं में किसी भी तरह की अनियमितता या सरकारी राशि के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर भविष्य में इस तरह के मामले सामने आते हैं तो दोषियों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



