वैश्विक संकटों को लेकर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा- संकट से निपटने में भारत नहीं छोड़ रहा कोई कोर-कसर

PM on Global Crises: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में देश और दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों और भारत की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का यह दौर न भूतो न भविष्यति जैसा है। एक तरफ दुनिया युद्ध और अस्थिरता के दौर से गुजर रही है, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है और वैश्विक संस्थाओं की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। इसके बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया का गंभीर नेतृत्व और वैश्विक विश्लेषक भारत को लेकर बड़ी उम्मीदें रखते हैं। हाल ही में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब्ब के भारत दौरे का जिक्र करते हुए PM मोदी ने कहा कि उन्होंने माना है कि आने वाले समय में ग्लोबल साउथ दुनिया की दिशा तय करेगा और इसमें भारत की भूमिका सबसे बड़ी होगी।
यह भी पढ़ें:- PM किसान सम्मान निधि की 22वीं किश्त जारी, छत्तीसगढ़ के 24 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 498.83 करोड़
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज टेक वर्ल्ड और अर्थ जगत के वैश्विक नेताओं का एक ही संदेश है-अगर किसी को भविष्य का हिस्सा बनना है तो उसे भारत से जुड़ना ही होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत केवल आगे नहीं बढ़ रहा, बल्कि खुद को नेक्स्ट लेवल पर ले जा रहा है। देश में नेक्स्ट जेनरेशन फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा है और डिजिटल सिस्टम भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीआई के जरिए डिजिटल पेमेंट्स को नया आयाम मिला है और आज भारत रियल-टाइम डिजिटल पेमेंट्स के मामले में दुनिया का सबसे तेज़ी से बढ़ता देश बन चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते सालों में दुनिया ने कई बड़े संकट देखे हैं। (PM on Global Crises)
वैश्विक संकट और ऊर्जा चुनौती
उन्होंने कहा कि पहले कोरोना महामारी, फिर रूस-यूक्रेन युद्ध और अब दुनिया के एक और हिस्से में बढ़ते युद्ध ने वैश्विक ऊर्जा संकट को गहरा कर दिया है। ऐसे संकट किसी भी देश के लिए परीक्षा होते हैं और भारत धैर्य, शांति और जनविश्वास के साथ इन परिस्थितियों से निपट रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने एलपीजी को लेकर चल रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग अनावश्यक पैनिक पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस संकट से निपटने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि साल 2014 तक देश में लगभग 14 करोड़ एलपीजी कनेक्शन थे, जो अब बढ़कर 33 करोड़ से ज्यादा हो चुके हैं। इसके साथ ही बीते दस सालों में एलपीजी बॉटलिंग क्षमता को दोगुना किया गया।
एलपीजी और गैस सेक्टर में विस्तार
PM मोदी ने कहा कि डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर 13 हजार से बढ़कर 25 हजार हो गए। देश में एलएनजी टर्मिनलों की संख्या दोगुनी हुई। गैस पाइपलाइन नेटवर्क 3500 किलोमीटर से बढ़कर 10 हजार किलोमीटर से ज्यादा हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी जरूरत आयात से पूरी होती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए सरकार ने व्यापक कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करने के लिए एथेनॉल और बायोफ्यूल पर जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि साल 2014 से पहले पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग केवल 1 से 1.5 प्रतिशत थी, जिसे अब बढ़ाकर करीब 20 प्रतिशत तक पहुंचा दिया गया है। (PM on Global Crises)

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर यह कदम नहीं उठाए गए होते तो भारत को अतिरिक्त 18 करोड़ बैरल तेल आयात करना पड़ता। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल क्षेत्र में भी सरकार ने क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत के पास रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार बहुत कम था, लेकिन अब देश के पास 50 लाख टन से ज्यादा स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व मौजूद है और इसकी क्षमता को और बढ़ाने पर काम चल रहा है। 21वीं सदी के इस कालखंड में कई विपरीत परिस्थितियों के बीच भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज जब दुनिया को हमसे बहुत उम्मीदें हैं, तब हमारा दायित्व और बढ़ जाता है।

PM मोदी ने कहा कि कभी भारत में जिस कार्य को लगभग असंभव माना जाता था, आज का भारत उसे साकार करके दिखा रहा है। बीते एक दशक में हमारी सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद अंतिम सांसें ले रहा है। इसी का परिणाम है कि कभी जो इलाके डर के साए में जीने को मजबूर थे, वहां आज विकास की नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए सरकार कई मोर्चों पर काम कर रही है, जिनमें पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ाना, रेलवे का तेजी से विद्युतीकरण, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार और नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में वृद्धि शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आज केवल सपने नहीं देख रहा, बल्कि उन्हें साकार भी कर रहा है। यही कारण है कि आज दुनिया कह रही है-भारत सिर्फ आगे नहीं बढ़ रहा, बल्कि अगले स्तर की ओर बढ़ रहा है।



