लखनऊ में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर बोला हमला, कहा- साइकोलॉजिकली खत्म हो गए हैं मोदी

Rahul on PM Modi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लखनऊ में कांशीराम जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी अब भारत के प्रधानमंत्री नहीं रहे, वे अमेरिका के लिए काम कर रहे हैं और साइकोलॉजिकली खत्म हो चुके हैं। साथ ही उन्होंने देश की ऊर्जा सुरक्षा, अमेरिका से व्यापार और दलित राजनीति को लेकर भी कई बातें कही। राहुल गांधी ने कहा कि अगर जवाहरलाल नेहरू आज जिंदा होते तो कांशीराम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होते। उन्होंने कहा कि भाजपा ने समाज को 15% और 85% में बांट दिया है और फायदा सिर्फ 15% लोगों को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें:- वैश्विक संकटों को लेकर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा- संकट से निपटने में भारत नहीं छोड़ रहा कोई कोर-कसर
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि PM मोदी ने देश की ऊर्जा सुरक्षा से समझौता कर दिया है, अब अमेरिका तय कर रहा है कि भारत कहां से तेल खरीदे। इसके अलावा हरदीप पुरी का नाम एपस्टीन फाइल में सामने आया है और उनकी बेटी की कंपनी में जॉर्ज सोरोस की फंडिंग है। राहुल ने कहा कि राजनीति में मानसिक हार पहले से होती है और इसलिए मोदी साइकोलॉजिकली खत्म हो चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास उत्तर प्रदेश में 100 समर्पित लोग हैं, जो पीछे नहीं हटेंगे और पार्टी का लक्ष्य पूरा करेंगे। (Rahul on PM Modi)

मोदी संविधान की विचारधारा को नहीं मानते: राहुल
राहुल ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी संविधान की विचारधारा को नहीं मानते। अमेरिका से 9 लाख करोड़ का माल आएगा, यह भारत के किसानों और व्यापारियों के लिए चुनौती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने से फायदा नहीं, असली बदलाव मानसिकता बदलने से होगा। बता दें कि कांग्रेस ने कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग संसद में उठाने का निर्णय किया है। यह पहला मौका था जब राहुल गांधी कांशीराम जयंती से दो दिन पहले लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम कर रहे थे। कार्यक्रम में लगभग 4 हजार लोग शामिल हुए।
यूपी में कांग्रेस के सामने कई चुनौतियां
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के गठबंधन ने यूपी में NDA की सीटें 36 पर सीमित कर दी थी। महागठबंधन 43 सीटों पर जीतने में सफल रहा। इसी सफलता को 2027 के विधानसभा चुनाव में दोहराने की योजना है। हालांकि यूपी में कांग्रेस के सामने कई चुनौतियां हैं। दलित राजनीति में बसपा का प्रभाव अभी भी मजबूत है। भाजपा ने पिछले 10 साल में दलित वर्गों में संगठन और सरकारी योजनाओं के जरिए पकड़ मजबूत की। कांग्रेस के लिए इस वोट बैंक में जगह बनाना आसान नहीं होगा। (Rahul on PM Modi)



