Google Analytics —— Meta Pixel

राज्यसभा चुनाव 2026: एनडीए का दबदबा, 37 में से 22 सीटें जीतकर विपक्ष को दिया बड़ा झटका

Rajya Sabha Election Results: देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए। इस चुनाव में एनडीए ने बढ़त बनाते हुए 22 सीटें जीतीं। जबकि विपक्ष को 15 सीटों से संतोष करना पड़ा। इन परिणामों के साथ एनडीए को 10 सीटों का फायदा हुआ है, जबकि विपक्ष को उतना ही नुकसान हुआ। चुनाव से पहले एनडीए के पास 12 सीट थी, जो अब बढ़कर 22 हो गई हैं। वहीं विपक्ष की सीटें 25 से घटकर 15 रह गई हैं। अब राज्यसभा में मोदी सरकार के पास बहुमत से 17 सीटें ज्यादा हैं। बता दें कि अभी मौजूदा सीटें 243 हैं, जिसके लिए बहुमत का आंकड़ा 122 है, लेकिन इस चुनाव में जीत के बाद NDA के पास सीटों की संख्या बढ़कर 139 हो गई है।

यह भी पढ़ें:- नाबालिग लड़के से अप्राकृतिक संबंध बनाने वाले दो युवक दोषी करार, 10-10 साल की मिली सजा

37 सीटों में से 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। सिर्फ हरियाणा, बिहार और ओडिशा में कुल 11 सीटों पर मतदान हुआ। इन 11 सीटों में से 9 सीट एनडीए के खाते में गई। जबकि विपक्ष को सिर्फ 2 सीट मिली। इन राज्यों में चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग और अनुपस्थित मतदान ने परिणामों को प्रभावित किया। बिहार की 5 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए ने सभी सीटें जीत ली। भाजपा और सहयोगी दलों के उम्मीदवारों में नितिन नवीन, शिवेश राम, नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा विजयी रहे।

हरियाणा में क्रॉस वोटिंग ने बदली तस्वीर

वहीं विपक्ष के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव के दौरान महागठबंधन के 4 विधायक मतदान में शामिल नहीं हुए, जिससे विपक्ष के उम्मीदवार को अपेक्षित 41 वोटों के बजाय सिर्फ 37 वोट मिले। इस स्थिति का सीधा फायदा एनडीए को हुआ। हरियाणा की 2 सीटों के नतीजे देर रात करीब 1 बजे घोषित हुए। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध विजयी रहे, जबकि निर्दलीय सतीश नांदल हार गए। यहां चुनाव बेहद रोमांचक रहा। कांग्रेस के 5 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। कई वोट रद्द भी हुए, जिसके कारण मुकाबला और कड़ा हो गया। आखिर में सतीश नांदल सिर्फ 0.66 वोट के अंतर से हार गए, जो एक वोट से भी कम का अंतर था।

एनडीए की स्थिति मजबूत

मतदान के दौरान गोपनीयता को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद भी हुआ और कुछ वोटों को चुनाव आयोग ने अमान्य घोषित किया। ओडिशा में भाजपा के मनमोहन सामल, सुजीत कुमार और एनडीए समर्थित निर्दलीय दिलीप रे ने जीत दर्ज की। चौथी सीट पर बीजद के संत्रुप्ता मिश्रा विजयी रहे। बीजद के दत्तेश्वर होता को हार का सामना करना पड़ा। मतदान के दौरान भुवनेश्वर में भाजपा और बीजद विधायकों के बीच झड़प की भी खबरें सामने आई। हरियाणा और ओडिशा में कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। जबकि बिहार में विपक्ष के विधायक मतदान से दूर रहे। राज्यसभा चुनाव 2026 के इन परिणामों ने स्पष्ट रूप से एनडीए की स्थिति को मजबूत किया है। रणनीतिक बढ़त, विपक्ष की अंदरूनी चुनौतियां और क्रॉस वोटिंग जैसे कारकों ने इस चुनाव को निर्णायक बना दिया। आने वाले समय में इन परिणामों का असर संसद की कार्यवाही और विधायी फैसलों पर भी देखने को मिल सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!