आयुष्मान राशि में अनियमितता और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पर विधानसभा में हंगामा, सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने

Ayushman Rashi Issue: छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में आयुष्मान कार्ड के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितता का मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायकों ने बालोद जिले के मामले को लेकर सरकार को घेरा, जबकि स्वास्थ्य मंत्री ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद ने बालोद जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुन्दा से जुड़ा मामला उठाते हुए कहा कि अधिकारियों के जवाब में भले ही अनियमितता से इनकार किया गया हो, लेकिन स्थानीय कंप्यूटर ऑपरेटरों ने स्वयं आवेदन देकर स्वीकार किया है कि डॉक्टरों के दबाव में उनके खातों में आयुष्मान योजना की प्रोत्साहन राशि डाली गई। उन्होंने तत्कालीन अधिकारी डॉ. सोनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
यह भी पढ़ें:- PM ग्राम सड़क योजना में 140 करोड़ का भुगतान विवाद, विधानसभा में गूंजा मुद्दा
इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मामले की शिकायत खुद विधायक की ओर से की गई थी, जिसके बाद विभाग ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच कराई। जांच में किसी भी प्रकार की आर्थिक अनियमितता नहीं पाई गई और मामला निरस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी डॉक्टर या कर्मचारी की जानबूझकर संलिप्तता सामने नहीं आई है। निषाद ने मंत्री के जवाब पर असहमति जताते हुए कहा कि पूरा स्टाफ थाने पहुंचा था और शिकायत की थी कि उनके आईडी-पासवर्ड का दुरुपयोग कर डॉक्टर के खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए। उन्होंने कहा कि ट्रांजेक्शन होने के बाद मामला सामने आया और शिकायत के बाद राशि को होल्ड किया गया। कर्मचारियों ने डॉक्टर बोरकर के दबाव में यह सब होने की बात कही है।

मंत्री जायसवाल ने इसे गलत एंट्री का मामला बताते हुए कहा कि वास्तविक भुगतान नहीं हुआ था और प्रक्रिया जिला स्तर से आगे बढ़ी ही नहीं। उन्होंने कहा कि यह मानवीय भूल हो सकती है, लेकिन आर्थिक अनियमितता नहीं होने के कारण किसी प्रकार की कार्रवाई या FIR का प्रश्न नहीं उठता। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सवाल उठाया कि जब मंत्री स्वयं स्वीकार कर रहे हैं कि राशि जिला स्तर तक ट्रांसफर हुई तो यह आर्थिक अनियमितता का मामला है और इस पर FIR दर्ज होनी चाहिए। वहीं विधायक उमेश पटेल ने कहा कि स्टाफ खुद थाने जाकर शिकायत कर चुका है, ऐसे में कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। इस पर मंत्री ने कहा कि विभाग की जानकारी में कोई FIR दर्ज नहीं हुई है और किसी को बचाने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। (Ayushman Rashi Issue)
डॉक्टरों की कमी पर भी चर्चा
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने अब तक की जांच पर असंतोष जताते हुए दोबारा जांच समिति गठित करने और उसमें खुद को शामिल करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर और कर्मचारियों की मिलीभगत से आयुष्मान योजना की राशि में गड़बड़ी की गई है। इसी दौरान सूरजपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा भी उठा। विधायक भूलन सिंह मरावी ने स्वीकृत और रिक्त पदों की जानकारी मांगी, जिस पर मंत्री ने बताया कि 16 में से 14 पद भरे हुए हैं और 2 रिक्त हैं। साथ ही एनएचएम के तहत 7 डॉक्टर कार्यरत हैं। हालांकि मरावी ने दावा किया कि मौके पर सिर्फ 7 डॉक्टर ही मौजूद हैं। इस पर आसंदी ने कहा कि प्रदेश में कई जगह डॉक्टर पदस्थ तो हैं, लेकिन अटैचमेंट के कारण मौके पर उपलब्ध नहीं रहते। (Ayushman Rashi Issue)
बीजेपी विधायक ने व्यवस्था पर उठाए सवाल
वहीं बीजेपी विधायक सुनील सोनी ने कहा कि रायपुर के भाठागांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में 5 डॉक्टरों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन सिर्फ 1 डॉक्टर ही आता है। इस पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि बाकी पांचों डॉक्टर धुरंधर पार्ट-2 फिल्म देखने गए हैं, फिल्म खत्म होने के बाद आएंगे। इस पर विपक्ष ने पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। विधायक द्वारकाधीश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में यही स्थिति है। कुल मिलाकर आयुष्मान योजना में कथित गड़बड़ी और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को लेकर विधानसभा में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, लेकिन सरकार ने किसी भी तरह की आर्थिक अनियमितता नहीं होने की बात कहते हुए कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया।



