IAS रजत बंसल बने छत्तीसगढ़ के जनसंपर्क आयुक्त, CM सचिवालय में भी होंगे विशेष सचिव

Rajat Bansal New CPR: छत्तीसगढ़ सरकार ने साल 2012 बैच के IAS अधिकारी रजत बंसल को जनसम्पर्क संचालनालय में आयुक्त नियुक्त किया है। साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव का पद भी सौंपा गया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम में प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार के रूप में कार्यरत हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसे लेकर आदेश भी जारी कर दिए हैं। IAS रजत बंसल आगामी आदेश तक इस पद पर अस्थायी रूप से कार्यभार संभालेंगे।
यह भी पढ़ें:- चार महीने के मासूम की आखिरी चीख, मां के गुस्से ने छीनी जिंदगी, जिसने दिया जन्म, उसी के हाथों मिली मौत
रजत बंसल हरियाणा के मूल निवासी हैं, जो कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री पूरी करने के बाद एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर चुके हैं। उन्होंने पहली कोशिश में IPS और दूसरी कोशिश में IAS की रैंक हासिल की। 3 सितंबर 2012 को उन्होंने IAS सेवा जॉइन की और रायगढ़ जिले में सहायक कलेक्टर के रूप में अपनी पहली पोस्टिंग पाई। अपने कैरियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। अगस्त 2014 में वे राजनांदगांव के SDM बने, बाद में राजनांदगांव और सूरजपुर जिलों में जिला पंचायत CEO के रूप में कार्य किया। (Rajat Bansal New CPR)

रायपुर नगर निगम के कमिश्नर और धमतरी, बस्तर, बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों के कलेक्टर के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दी हैं। रजत बंसल का जन्म 25 जुलाई 1988 को हुआ था। उनके पिता वन सेवा के अधिकारी थे। उनकी स्कूली शिक्षा लॉ मार्टिनियर स्कूल, लखनऊ और डीपीएस, आरके पुरम, दिल्ली से हुई। 10वीं में उन्होंने स्कूल में टॉप किया था। जनसंपर्क आयुक्त के रूप में रजत बंसल का मुख्य कर्तव्य राज्य और जनसंपर्क से जुड़े मामलों का प्रबंधन करना होगा। इसके अलावा वे सीईओ ‘संवाद’, संचालक भौमिकी, खनिकर्म और प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।




