महादेव सट्टा एप मामले में 1700 करोड़ की संपत्ति अटैच, बैज ने सरकार पर संरक्षण का लगाया आरोप, डिप्टी CM साव का पलटवार
Action on Mahadev Satta: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1700 करोड़ रुपए की भारतीय और विदेशी संपत्तियों को अटैच किया है। ED ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट 2002 के तहत 24 मार्च 2026 को की। ED के रायपुर जोनल कार्यालय की कार्रवाई में दुबई (UAE) में स्थित 18 और नई दिल्ली में स्थित 2 अचल संपत्तियां शामिल हैं। इनकी कुल बाजार कीमत लगभग 1700 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जांच में दुबई हिल्स एस्टेट के लग्जरी विला, अपार्टमेंट्स, बिजनेस बे और SLS होटल एंड रेजिडेंस के हाई-एंड फ्लैट्स के साथ ही दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में स्थित अपार्टमेंट्स भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर भी फर्जीवाड़ा
ये सभी संपत्तियां महादेव ऑनलाइन बुक एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और उनके सहयोगियों से जुड़ी हैं। ED की जांच में खुलासा हुआ कि महादेव ऑनलाइन बुक एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी सिंडिकेट के रूप में काम कर रहा था। अवैध कमाई को हवाला, क्रिप्टोकरेंसी और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से विदेश भेजा जाता था। फिर उसे दुबई और भारत में महंगी संपत्तियों में निवेश किया जाता था। अब तक ED ने 175 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी कर 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। 4300 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्तियां जब्त या फ्रीज की जा चुकी हैं। मामले की जांच अभी भी जारी है।
कौन हैं सौरभ चंद्राकर ?
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के संचालक सौरभ चंद्राकर छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है। उनके पिता नगर निगम में पंप ऑपरेटर थे। सौरभ ने पहले जूस की दुकान और कपड़े की दुकान में काम किया। 2019 में दुबई जाने के बाद उसने अपने दोस्त रवि उप्पल को बुलाकर महादेव एप लॉन्च किया। इसके बाद धीरे-धीरे सौरभ ऑनलाइन सट्टा बाजार का बड़ा नाम बन गया। सौरभ सुर्खियों में तब आए जब उनकी शादी का वीडियो सामने आया। शादी में 200 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे और कई हाई-प्रोफाइल सेलेब्रिटी शामिल हुए थे। फिलहाल ED ने उनकी कई संपत्तियों को जब्त कर लिया है।
कार्रवाई को लेकर राजनीति तेज
कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीति भी तेज हो गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि महादेव सट्टा एप को लेकर भाजपा ने बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन अभी भी सरकार के संरक्षण में यह एप चल रहा है। सोशल मीडिया पर इसके ऐड भी जारी हैं और कुछ लोगों तक हिस्सेदारी पहुंच रही है। इस पर डिप्टी CM अरुण साव ने पलटवार किया है। साथ ही कहा है कि छत्तीसगढ़ को बर्बाद करने का काम कांग्रेस शासनकाल में हुआ था। कार्रवाई जारी है और संपत्तियों का सीज होना जांच का हिस्सा है। हमारी सरकार मजबूत कार्रवाई कर रही है और नए साइबर थाने भी बनाए जा रहे हैं। (Action on Mahadev Satta)
विधानसभा चुनाव के दौरान बना था बड़ा मुद्दा
ED की यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। 1700 करोड़ रुपए की संपत्तियों के अटैच होने के साथ ही जांच और तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है। साथ ही ED लगातार सभी प्रमोटर्स और उनके सहयोगियों की संपत्तियों का ट्रैक रख रहा है। बता दें कि यह मामला 2023 के विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बना था, जिसने राजनीतिक हलचल तेज कर दी थी। ताजा कार्रवाई से राजनीतिक हलचल फिर से बढ़ सकती है। (Action on Mahadev Satta)



