Google Analytics —— Meta Pixel

श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रेलर से टकराई, 8 की मौत, 29 घायल, मुंडन संस्कार से लौट रहे थे सभी

Accident in Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार शाम भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि 29 लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु प्रयागराज से मुंडन संस्कार कराकर फतेहपुर लौट रहे थे, तभी श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। यह हादसा सैनी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर डोरमा के पास शाम करीब 4 बजे हुआ।

यह भी पढ़ें:- श्रीनगर-लेह हाईवे पर एवलांच से 12 वाहन दबे, 7 लोगों की मौत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

हादसे के बाद कई घायल सड़क पर तड़पते रहे। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक फतेहपुर जिले के कुरोली गांव के रहने वाले राजन के 2 साल के बेटे शुभम का मुंडन संस्कार प्रयागराज के संगम में हुआ था। इस कार्यक्रम में शामिल होने करीब 35-37 लोग पिकअप से गए थे। मुंडन के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। (Accident in Uttar Pradesh)

डोरमा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे एक ट्राला खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई और पीछे से ट्राला में जा घुसी। शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में 29 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। 27 घायलों का इलाज जिला अस्पताल और सिराथू CHC में चल रहा है। 2 गंभीर घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया। बाद में 4 और घायलों की हालत बिगड़ने पर उन्हें भी प्रयागराज भेजा गया। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है। (Accident in Uttar Pradesh)

मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों में 5 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान सुखरानिया (65), दरसनिया (68), राजकुमारी (35), कल्लो (22), गुड़िया (27), ध्रुव (7), मयंक (10) और अनुज (8) के रूप में हुई हैं। हादसे में जिस बच्चे का मुंडन हुआ था, वह भी घायल हो गया। बच्चे की मां ने बताया कि वे पिकअप में पीछे बैठे थे और अचानक जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद सभी सड़क पर गिर गए। बच्चे की बुआ ने बताया कि 30-35 लोग एक ही गाड़ी में सवार थे और किसी को अंदाजा नहीं था कि इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। IG अजय कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक का हाईवे पर खड़ा होना और पिकअप का पीछे से टकराना हादसे की वजह लग रहा है। आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और ट्रक चालक-क्लीनर की कॉल डिटेल भी जांची जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरों को उजागर करता है। एक खुशियों भरा पारिवारिक समारोह मातम में बदल गया, जिससे कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई।

Back to top button
error: Content is protected !!