Google Analytics —— Meta Pixel

Trending

छत्तीसगढ़ में गहराया रेल विवाद, राजस्व मंत्री Jaisingh Agarwal ने दी कोयला बंद करने की चेतावनी

रेलवे ने छत्तीसगढ़ में 23 यात्री ट्रेनों को 24 अप्रैल 2022 से अगले एक महीने के लिए बंद कर दिया है. इससे प्रदेश में विवाद गहराता जा रहा है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसे लेकर आपत्ति जता चुके हैं तो वहीं दूसरी तरफ राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल (Jaisingh Agarwal) ने भी सख्त लहजे में रेलवे प्रबंधन को चेतावनी दी है.

कोरबा में प्रतिनिधिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी जिसमें राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष श्रीकांत बुधिया, सामाजिक कार्यकर्ता एमडी माखीजा, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव, किशोर शर्मा, राकेश श्रीवास्तव शामिल रहे. बैठक में सदस्यों ने कोरबा की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई. इसी मसले पर कोरबा विकास समिति ने तय किया कि रेल्वे का रुख नहीं सुधरा तो आगामी दिनों में किसी भी मालगाड़ी को नहीं चलने दिया जाएगा.

कोरबा विकास समिति के प्रतिनिधि मंडल ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अगुवाई में बिलासपुर पहुंच कर कलेक्टर सारांश मित्तर से मुलाकात की. मौके पर ही डीआरएम को बुलवाया गया. कोरबा क्षेत्र में रेल सुविधा की कटौती के बारे में चर्चा की गई. इस दौरान जयसिंह अग्रवाल ने ट्रेनें चालू नहीं करने पर रेलवे को कोयला बंद करने की चेतावनी दे दी.

राजस्व मंत्री ने कहा कि ‘कोरबा से ‘ट्रेनें बंद करने की वजह से आम लोगों को परेशानी हो रही है. इस समय गर्मी की छुट्टियां और शादी का सीजन है. इसे लेकर लोगों ने पहले से ही यात्रा के लिए टिकट करा रखा हैं. अब ट्रेनों के बंद कर देने से यात्रियों के समय और पैसे की बर्बादी हो रही है. राजस्व मंत्री ने कठोर शब्दों में कहा कि बिलासपुर रेलवे प्रशासन कोरबा के लोगों की जरूरतों को कोई महत्व नहीं दे रहा है. जिस क्षेत्र से कोयला ढुलाई का काम किया जाता है. उस गेवरा क्षेत्र से आज के समय में एक भी यात्री ट्रेन की सुविधा नहीं है. रेलवे प्रशासन की इस मनमानी से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश हैं.

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि ‘रेलवे के इस अड़ियल रवैये से कोरबावासियों में काफी नाराजगी है. जिसकी वजह से वे कभी भी इस मुद्दे को लेकर बड़ा आन्दोलन कर सकते हैं. हालांकि अभी उन सभी को समझाइश देकर रोक रखा गया है. राजस्व मंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि यदि कोरबावासियों की भावनाओं के साथ रेल प्रशासन का ऐसे ही अड़ियल रूख रहा तो कभी भी कोरबा में उग्र आंदोलन हो सकता है. जिसकी पूरी जवाबदारी रेलवे प्रशासन की होगी. कोयला ढुलाई के रिकॉर्ड के लिए रेलवे प्रशासन यात्री ट्रेनों को बंद और बार-बार रद्द कर रही है’.

इसे भी पढ़ें- नक्सलियों का उत्पात जारी, ओडिशा से हैदराबाद जाने वाली यात्री बस को किया आग के हवाले

Back to top button
error: Content is protected !!