नक्सलवाद का अंत तय, लेकिन बारूदी जाल अब भी जिंदा, बस्तर में अब IED सबसे बड़ी चुनौती
IED Biggest Challenge: देश से नक्सलवाद खत्म करने की तय समय सीमा 31 मार्च 2026 कल खत्म हो जाएगी। निर्धारित डेडलाइन के मुताबिक नक्सलवाद के खात्मे का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह भी है कि नक्सलियों का सबसे खतरनाक हथियार IED अब भी सुरक्षाबलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। बस्तर समेत नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए लंबे समय तक IED का इस्तेमाल किया गया। यही वजह है कि पिछले सालों में सुरक्षाबलों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
यह भी पढ़ें:- नक्सलवाद के खात्मे के डेडलाइन का कल आखिरी दिन, क्या खत्म होने जा रहा है लाल आतंक ?
आंकड़ों के मुताबिक साल 2001 से 2026 तक बस्तर क्षेत्र में 1277 IED ब्लास्ट की घटनाएं हुई, जिनमें 443 जवान शहीद हुए। जबकि 915 जवान घायल हुए। वहीं 158 लोगों की मौत भी हुई। साथ ही 250 लोग घायल भी हुए। IED हमलों के लिहाज से साल 2010 सबसे घातक साबित हुआ, जब अकेले इसी साल 101 जवान शहीद हुए। हालांकि राहत की बात यह है कि साल 2026 में अब तक IED की वजह से एक भी जवान की शहादत नहीं हुई, जो पिछले 25 सालों के इतिहास में पहली बार देखने को मिला है। (IED Biggest Challenge)
फोर्स का जब्ती और बचाव पर फोकस
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में IED सबसे बड़ा रोड़ा बना रहा, जिसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया और जब्ती के साथ-साथ बचाव पर विशेष फोकस किया। फोर्स ने IED की पहचान और उसे निष्क्रिय करने पर जोर बढ़ाया, साथ ही सुरक्षित तरीके से नक्सलियों के गढ़ तक पहुंचने की रणनीति अपनाई। इसके तहत बड़े पैमाने पर IED बरामदगी अभियान भी चलाया गया। आंकड़ों के मुताबिक पिछले 26 सालों में सुरक्षाबलों ने कुल 4580 IED जब्त किए हैं, जिनमें साल 2025 में रिकॉर्ड 860 IED बरामद हुए। खास तौर पर करेगुट्टा ऑपरेशन के दौरान सबसे ज्यादा IED बरामदगी दर्ज की गई, जो फोर्स की बदली हुई रणनीति की बड़ी सफलता मानी जा रही है। (IED Biggest Challenge)
अब IED मुक्त बस्तर बनाना लक्ष्य
भले ही नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन पूरी होने जा रही हो, लेकिन जमीन में बिछे IED अब भी खतरा बने हुए हैं। यही वजह है कि सरकार अब नए मिशन पर काम कर रही है। हाल ही में बस्तर दौरे पर पहुंचे डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि बस्तर के गांवों को IED मुक्त करना पहली प्राथमिकता है। जैसे ODF यानी ओपन डेफिकेशन फ्री अभियान चलाकर गांवों को खुले में शौच से मुक्त किया गया, उसी तर्ज पर अब IED मुक्त गांव अभियान चलाया जाएगा। देश से नक्सलवाद के खात्मे की समय सीमा भले ही पूरी होने जा रही हो, लेकिन असली चुनौती अब जमीन के भीतर छिपे IED हैं। ऐसे में आने वाले समय में सुरक्षा एजेंसियों और सरकार के लिए IED मुक्त बस्तर ही सबसे बड़ी परीक्षा साबित होने वाला है।



