Google Analytics —— Meta Pixel

रिश्तों में जहर बना शक, रायपुर डबल मर्डर ने दहला दी राजधानी, पूर्व पुलिसकर्मी ने उजाड़ा अपना ही घर

Double Murder in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में हुए डबल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया है। सेमरिया गांव में एक पूर्व पुलिसकर्मी गुलाब साहू ने अपनी पत्नी लता साहू और 22 साल की सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड की जड़ में सबसे बड़ा कारण चरित्र शंका और लगातार पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। आरोपी गुलाब ने पुलिस से कहा कि मेरी पत्नी का किराएदार से अफेयर था। मां और बेटी दोनों मिलकर लगातार टॉर्चर कर रही थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की।

यह भी पढ़ें:- शादी का सपना बना धोखा, राजनांदगांव में फर्जी मैरिज ब्यूरो ने युवकों से ऐंठे 37 लाख

आरोपी ने आरोप लगाया कि किराएदार ने घर, गाड़ी और पैसा का लालच देकर पत्नी का ब्रेनवॉश किया था। वो कहता था कि बेटी को गोद ले लूंगा, फिर हम ऐश करेंगे। किराएदार मुझे निकालने की बात कहता था। उसकी बात में आकर मां और बेटी भी मुझे घर से निकलने कहती थी। हर समय टॉर्चर करने लगे तो मुझसे सहन नहीं हुआ, इसलिए दोनों को मार दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह के मामलों में अत्यधिक संदेह, असुरक्षा और संवादहीनता मिलकर हिंसक रूप ले लेते हैं, जो इस घटना में साफ दिखाई देता है। आरोपी ने यह भी बताया कि मैं 2 साल पहले बिलासपुर में पुलिस में नौकरी में था। ट्रेनिंग करके छोड़ दिया था, फिर मार्केटिंग लाइन में आ गया था।

विवाद से हत्या तक कुछ ही मिनटों में बदला माहौल

बुधवार सुबह करीब 7 बजे घर में इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी उठा ली। पहले उसने अपनी सौतेली बेटी पर हमला किया और जब पत्नी बीच-बचाव करने आई तो उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे पहले उसने मिर्ची पाउडर छिड़कर लोटे से हमला किया था। पुलिस के मुताबिक हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बेटी के चेहरे और गर्दन पर 5-6 गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी पहचान तक मुश्किल हो गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। (Double Murder in Raipur)

हत्या के बाद खुद किया सरेंडर

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे विधानसभा थाना पहुंचा और सरेंडर कर दिया। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की पूरी कहानी बताई। आरोपी की बात सुनकर थाने में मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और मृतिका दोनों की यह दूसरी शादी थी, जो करीब 3-4 साल पहले हुई थी। मृतिका की बेटी उसकी पहली शादी से थी। परिवार में पहले भी विवाद होते रहे थे, जिससे रिश्तों में खटास लगातार बढ़ती गई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गुलाब साहू पहले पुलिस विभाग में कार्यरत था, लेकिन अनुशासनहीनता के कारण उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद वह अन्य काम करने लगा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी को अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक था, जबकि बेटी की निजी जिंदगी को लेकर भी घर में तनाव की बात सामने आई है। पुलिस का मानना है कि उसका आक्रामक स्वभाव और पहले से मौजूद मानसिक तनाव भी इस अपराध में अहम भूमिका निभा सकता है। रायपुर ग्रामीण पुलिस के मुताबिक मामला चरित्र शंका और घरेलू विवाद से जुड़ा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। रायपुर का यह डबल मर्डर एक बार फिर यह दिखाता है कि बिना ठोस सबूत के संदेह, आपसी अविश्वास और संवाद की कमी किस तरह एक परिवार को तबाह कर सकती है। मामूली शक से शुरू हुआ विवाद आखिरकार दो जिंदगियों के खात्मे का कारण बन गया। (Double Murder in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!