नेशनल हाईवे-30 पर दो कारों के बीच जोरदार टक्कर, हादसे में 7 लोगों की मौत, पुलिसकर्मी का उजड़ा परिवार

Road Accident in Kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात भीषण हादसा हुआ है, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ, जब दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबिक उड़कुड़ा के रहने वाले कॉन्स्टेबल मुनेंद्र नेताम का परिवार चीवरांज में एक शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान नाथिया नवागांव के पास उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई।
यह भी पढ़ें:- अंबिकापुर रेप-हत्या कांड का आरोपी गिरफ्तार: 35 हजार का इनामी दबोचा गया
बताया जा रहा है कि दूसरी कार तेज रफ्तार में थी, जो एक ट्रक को ओवरटेक करते समय संतुलन खो बैठी, जिससे सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक शख्स ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कॉन्स्टेबल मुनेंद्र नेताम के परिवार के 4 सदस्यों समेत कुल 7 लोगों की मौत हुई है, जिसमें पत्नी कुंती नेताम (50), बहन मकतुला नेताम (48), दामाद शगुनदास नेताम (53), भांजा वंश नेताम (7), रिश्तेदार दीना यादव (40) और जहुरा जुरीं (50) शामिल हैं।

हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसमें मुकेश उसेंडी (45), उदित जुरीं (26) और विश्वजीत नेताम (25) शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। SP निखिल राखेचा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक तेज रफ्तार, लापरवाही से ड्राइविंग और ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खोना हादसे के मुख्य कारण हो सकते हैं। (Road Accident in Kanker)

कांकेर का यह भीषण सड़क हादसा एक पूरे परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल गया। शादी से लौटते समय हुई इस दुर्घटना ने न केवल कई जिंदगियां छीन ली, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच एक और सड़क हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक पुल के नीचे गिर गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक कारण चालक की लापरवाही बताया जा रहा है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे यह संकेत देते हैं कि तेज रफ्तार और लापरवाही अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रशासन जांच में जुटा है, लेकिन जरूरत है कि हर चालक जिम्मेदारी समझे और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करे, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



