बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर हलचल तेज, शिवराज सिंह चौहान बनाए गए पर्यवेक्षक
पटना। बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पद को लेकर आज भाजपा और जदयू विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
यह भी पढ़े :- मशहूर गायिका आशा भोसले का निधन, मुंबई में ली अंतिम सांस, संगीत जगत में शोक की लहर
इसी बीच, केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उन्हें विधायक दल के नेता के चयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बढ़ी हलचल
बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली है, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं।
भाजपा पर टिकी निगाहें
राज्य के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संकेत दिए हैं कि मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा भारतीय जनता पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए विधायक दल की बैठक में नेता का चयन होगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री वही बनेगा, जिसे एनडीए विधायक दल अपना नेता चुनेगा और इसमें भाजपा की भूमिका अहम होगी।
जल्द हो सकता है फैसला
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, इस बार मुख्यमंत्री पद भाजपा के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है, जबकि उपमुख्यमंत्री जदयू से हो सकता है। हालांकि, अभी तक मंत्रिमंडल या नामों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं हुई है।
सरकार गठन को लेकर एनडीए के घटक दलों के बीच बातचीत जारी है और आने वाले कुछ दिनों में स्थिति साफ होने की उम्मीद है।




