मैट्रिमोनियल साइट की आड़ में ठगी, शादी का झांसा देकर चल रहा था पूरा नेटवर्क

Police Action in Raigarh: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में साइबर फ्रॉड के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई दरोगा पारा क्षेत्र स्थित बुढ़ी माई मंदिर रोड पर संचालित निधि परिवहन सुविधा केंद्र और शांति देवी समिति के नाम से चल रहे कार्यालय में की गई। छापेमारी के दौरान मौके से 10 से 12 युवतियों समेत संचालक को पुलिस ने हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान SSP शशि मोहन सिंह खुद टीम के साथ मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में नकली पनीर का काला कारोबार बेनकाब, 1200 किलो पनीर जब्त, सेहत से खिलवाड़
मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर ठगी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इंडिया मैट्रिमोनी नाम से एक फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया गया था, जिसके माध्यम से लोगों को जाल में फंसाया जाता था। इस गिरोह द्वारा यूट्यूब चैनलों और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए आकर्षक प्रोफाइल और तस्वीरें अपलोड की जाती थीं। इसके बाद फर्जी जीमेल आईडी और मोबाइल नंबरों से संपर्क कर पीड़ितों से बायोडाटा मंगवाया जाता था। (Police Action in Raigarh)

ऐसे करते थे ठगी
आरोपी पहले रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर यूपीआई के जरिए पैसे वसूलते थे। इसके बाद मीटिंग, बातचीत और रिश्ता तय कराने के नाम पर लगातार अतिरिक्त शुल्क लिया जाता था। व्हाट्सएप क्यूआर कोड के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। पैसे मिलने के बाद आरोपी पीड़ितों से संपर्क तोड़ देते थे और नए लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि लोक सेवा केंद्र की आड़ में साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सोमवार दोपहर साइबर थाना, महिला थाना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। मौके पर कॉल सेंटर जैसी व्यवस्था में कई युवतियां काम करती हुई मिली। (Police Action in Raigarh)

फर्जी दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों से अहम सबूत मिले हैं। जांच में सामने आया कि फोटोशॉप के जरिए दस्तावेजों में छेड़छाड़ की जा रही थी। विभिन्न विभागों की फर्जी सील और मुहरें भी बरामद की गई हैं। इसके अलावा संदिग्ध डिजिटल डेटा, कई महत्वपूर्ण फाइलें और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। एक अन्य संस्था पर भी दबिश दी गई, जहां संचालक ने इस नेटवर्क से जुड़ाव की बात स्वीकार की है। पुलिस का मानना है कि यह कोई छोटा गिरोह नहीं बल्कि एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क है, जिसमें कई लोगों के शामिल होने की संभावना है। जब्त डिजिटल साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
SSP ने लोगों से की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट्स और सोशल मीडिया के जरिए आने वाले प्रस्तावों को लेकर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में बड़े स्तर पर साइबर ठगी के संचालन के संकेत मिले हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनियल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके। (Police Action in Raigarh)




