सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में फटा बॉयलर, 9 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल

Vedanta Power Plant Accident: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बड़ा हादसा हुआ है, जहां वेदांता पावर प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से करीब 50 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघीतराई स्थित प्लांट की है। जानकारी के मुताबिक प्लांट में रोज की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें:- आइसक्रीम लेने गई 11 साल की बच्ची से छेड़छाड़, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। घायल मजदूरों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक कई मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारी इधर-उधर भागते नजर आए। सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट के कुछ हिस्सों को खाली करा लिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

शुरुआती तौर पर बॉयलर में तकनीकी खराबी या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इससे पहले भी सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में हादसा हुआ था। 7 अक्टूबर 2025 को आरकेएम पावर प्लांट में बॉयलर मेंटेनेंस के दौरान मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट अचानक करीब 40 मीटर की ऊंचाई से गिर गई थी। उस समय लिफ्ट में कुल 10 मजदूर सवार थे, जो प्लांट की ऊपरी मंजिल की ओर जा रहे थे। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
लगातार हादसे उठा रहे सवाल
मृतक और घायल सभी मजदूर उत्तर प्रदेश और झारखंड के निवासी बताए गए थे। लगातार हो रहे इन औद्योगिक हादसों ने क्षेत्र में संचालित पावर प्लांट्स की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक के बाद एक सामने आ रही घटनाएं यह संकेत देती हैं कि सुरक्षा मानकों के पालन में कहीं न कहीं बड़ी चूक हो रही है। ऐसे में जरूरी है कि संबंधित कंपनियां और प्रशासन सुरक्षा प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। (Vedanta Power Plant Accident)



