जशपुर में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, तीन लोग गंभीर रूप से घायल, रायपुर रेफर

Land Dispute in Jashpur: जशपुर जिले में जमीन और खलिहान के मालिकाना हक को लेकर दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक ओर जहां पंडरापाठ चौकी क्षेत्र में हुए विवाद में जानलेवा हमला हुआ है, वहीं दूसरी घटना में देवर ने भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पहली घटना पंडरापाठ चौकी के कामारिमा गांव का है, जहां खलिहान की जमीन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लाठी, डंडा और सब्बल लेकर मौके पर पहुंचे और खेत में काम कर रहे परिवार पर अचानक हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें:- जिस मां ने जन्म दिया, उसी को बेटे ने उतारा मौत के घाट, बलौदाबाजार में दिल दहला देने वाली वारदात
कृष्ण ठाकुर, विनोद और सतपाल ने पुरुषों और महिलाओं को बेरहमी से पीटा, जिसमें कई लोगों के सिर फट गए और किसान के हाथ-पैर तथा सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चे भी दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने पटवारी से मिलीभगत कर खलिहान की जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की, जबकि जमीन पुश्तैनी बताई जा रही है। (Land Dispute in Jashpur)
दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मौके पर वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में घायल लोग और रोते-बिलखते परिजन दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि पहले की शिकायतों के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक पक्ष पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। (Land Dispute in Jashpur)
देवर ने भाभी पर किया हमला
जिले के ही पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बटुराबहार गांव में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक ससुर और देवर के बीच विवाद चल रहा था, जिसे शांत कराने पहुंची भाभी पर देवर ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर, आंख, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। दोनों घटनाओं ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



