Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच आग का तांडव, अलग-अलग जिलों में आग लगाने से लाखों का नुकसान

Fire Incidence in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में आग लगने की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया है। अलग-अलग जगहों पर शॉर्ट सर्किट और अन्य कारणों से लगी आग में बस, गोडाउन, राइस मिल और वाहन जलकर खाक हो गए। कई जगह लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है, जबकि एक मामले में आगजनी को लेकर विवाद भी सामने आया है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में हादसों का कहर, रायपुर में हाइवा की चपेट में आने से दामाद-ससुर की मौत, बिलासपुर में भी हादसा

बालोद जिले में एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब बारात से लौट रही एक बस में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार शर्मा ट्रेवल्स की बस में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। यह घटना पुरूर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास हुई। बस कांकेर जिले के अरौद गांव से बालोद के बड़गांव लौट रही थी। आग लगते ही बस में सवार बारातियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। (Fire Incidence in Chhattisgarh)

दुर्ग के गोडाउन में आग, दो वाहन जले

दुर्ग जिले के कुम्हारी इलाके में एक कार्डबोर्ड गोडाउन में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग में गोडाउन में खड़ी दो गाड़ियां भी जलकर स्वाहा हो गईं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। (Fire Incidence in Chhattisgarh)

बेमेतरा के राइस मिल में भीषण आग

बेमेतरा जिले के देवकर चौकी क्षेत्र के डंगनिया गांव स्थित शंखेश्वर राइस मिल में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और मिल में रखा धान, गेहूं और बारदाना जलकर खाक हो गया। आग की चपेट में मिल का ऑफिस भी आ गया, जहां रखे दस्तावेज, लैपटॉप, एसी और अन्य उपकरण नष्ट हो गए। ग्रामीणों और दमकल टीम की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सूरजपुर में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग

सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मेन रोड में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि भीषण गर्मी को इसकी वजह माना जा रहा है। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। (Fire Incidence in Chhattisgarh)

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में आगजनी को लेकर विवाद

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भीमखोलिया गांव में आगजनी को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीण योगेश कुमार पहाड़े ने वन विभाग के अधिकारियों पर उनके मशरूम फार्मिंग के लिए रखे लगभग 70 ट्रॉली पैरा में आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक 17 अप्रैल की रात वन विभाग के अधिकारियों ने आग लगाई, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दमकल समय पर नहीं पहुंची। वहीं वन विभाग के एसडीओ अंकित पांडेय ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आग किसी अज्ञात व्यक्ति ने लगाई थी और विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!