छत्तीसगढ़ में पेपर लीक पर सियासत, 45 दिन बाद भी आरोपी फरार, पुलिस ने रखा 5 हजार का इनाम
Chhattisgarh Paper Leak Case: छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा पेपर लीक मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसके बाद रायपुर पुलिस ने उस पर इनाम घोषित कर दिया है। वहीं इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है। रायपुर के सिटी कोतवाली थाने में फरार चल रहे आरोपी वेणुगोपाल उर्फ वेणु जंघेल (18) की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने उसकी सूचना देने या गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 5 हजार रुपए नकद इनाम देने की घोषणा की है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी, 12वीं में जिज्ञासु वर्मा और 10वीं में संध्या नायक टॉपर
पुलिस के मुताबिक आरोपी बेमेतरा जिले के बोरतरा गांव का रहने वाला है, जो रायपुर के गुढ़ियारी के अशोक नगर में रह रहा था। उसके खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह पूरा मामला 14 मार्च 2026 को सामने आए परीक्षा अनियमितता और पेपर लीक से जुड़ा हुआ है। सेंट्रल जोन की डिप्टी पुलिस कमिश्नर डॉ. अर्चना झा ने इनाम घोषित करने का आदेश जारी किया, जिसके मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है और उसके खुलेआम घूमने से समाज के लिए खतरा हो सकता है। (Chhattisgarh Paper Leak Case)
सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम
पुलिस ने कहा कि जो भी व्यक्ति आरोपी को गिरफ्तार करेगा, गिरफ्तारी में सहयोग करेगा या ऐसी पुख्ता जानकारी देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 5 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इधर, NSUI कार्यकर्ताओं ने कमिश्नर कार्यालय सिविल लाइन पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही पदाधिकारियों ने पुलिस उपायुक्त से मुलाकात कर मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल और परसू विश्वविद्यालय (PTRSU) अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया जताया।

रिजल्ट आ गया, आरोपी अब भी नहीं पकड़ाया: NSUI
NSUI का कहना है कि बोर्ड परीक्षा की गोपनीयता भंग होने के बावजूद अब तक जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि दोषियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। NSUI अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे ने कहा कि आज 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी हो गया है, लेकिन पेपर लीक का मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन ने सबसे पहले माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव कर पेपर लीक का मुद्दा उठाया था। इसके बाद लगातार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कार्रवाई अधूरी है।
बड़े मास्टरमाइंड को बचाने की कोशिश: प्रभारी महामंत्री पाल
प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं न कहीं बड़े मास्टरमाइंड को बचाने की कोशिश हो रही है। मामले को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पेपर लीक हुआ है इसका कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले हैं। सिर्फ किसी ने 18 क्वेश्चन को ग्रुप में डाला, कब डाला यह भी कह नहीं सकते, लेकिन किसी के मन में कोई डाउट ना हो, इसलिए फिर से एक बार परीक्षा हमने कराया था। पेपर लीक हुआ ही नहीं है तो किस बात का विरोध। एफआईआर में जिक्र को लेकर उन्होंने कहा कि एफआईआर हमने कराया, कहीं डाउट है, यह पुख्ता नहीं हुआ है, इस लिए अब तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। (Chhattisgarh Paper Leak Case)
PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार को घेरा
शिक्षा मंत्री के बयान पर PCC चीफ दीपक बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार खुद कन्फ्यूज है। एक तरफ पेपर लीक होता है, सरकार परीक्षा दुबारा आयोजन करती है। इन सब में बीजेपी के नेता का कनेक्शन तो नहीं है, किसको बचाने के लिए शिक्षा मंत्री ऐसे बयान दे रहे हैं। 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी हो चुके हैं। इस बीच इनाम की घोषणा को अहम माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है, लेकिन 45 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस पूरे मामले में अब पुलिस की कार्रवाई, छात्र संगठनों का दबाव और राजनीतिक बयान तीनों मिलकर माहौल को और ज्यादा संवेदनशील बना रहे हैं।



