Google Analytics —— Meta Pixel

10वीं बोर्ड में असफलता से परेशान छात्र ने लगाई फांसी, गांव में शोक

बालोद। जिले से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां 10वीं बोर्ड परीक्षा में लगातार असफल होने से परेशान एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़े :- जनगणना ड्यूटी से गायब शिक्षक पर कार्रवाई, सहायक शिक्षक सत्यजीत निराला निलंबित

जानकारी के अनुसार, घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बंधियापारा की है। मृतक की पहचान राजवीर बघेल (17 वर्ष 6 माह) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजवीर 10वीं कक्षा का छात्र था और पिछले दो वर्षों से परीक्षा में असफल हो रहा था।

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते वर्ष वह छह विषयों में अनुत्तीर्ण हुआ था, जबकि इस वर्ष भी पांच विषयों में असफल रहा। लगातार असफलता के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। रिजल्ट आने के बाद से वह तनाव में था।

इसी मानसिक दबाव के चलते उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में परीक्षा में असफलता से उपजे मानसिक तनाव को कारण माना जा रहा है, हालांकि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

अनमोल न्यूज24 की अपील : इस प्रकार की घटना न हो, इसका सभी पालकगण ध्यान दें। परीक्षाफल अनुतीर्ण हो तो भी बच्चों को आगे सफल होने का सांत्वना दें, उन्हें प्रोत्साहित करें।

Back to top button
error: Content is protected !!