बलौदाबाजार के पूर्व विधायक पं. बंशराज तिवारी की स्मृति में 20वां निःशुल्क रोग निदान शिविर का 6 मई को होगा आयोजन

बलौदाबाजार। जिले के लिए गर्व और सेवा का प्रतीक बन चुका निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर इस वर्ष भी आयोजित होने जा रहा है।
बलौदाबाजार के पूर्व विधायक (1977–80), प्रख्यात अधिवक्ता एवं समाजसेवी स्वर्गीय पं. बंशराज तिवारी की पावन स्मृति में उनकी जन्म जयंती के अवसर पर बुधवार, 6 मई को 20वां निःशुल्क रोग निदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर जिला मुख्यालय स्थित चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल में आयोजित होगा।
20 वर्षों से निरंतर सेवा का संकल्प
पिछले दो दशकों से लगातार इस शिविर का आयोजन पं. तिवारी के सुपुत्र डॉ. प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस सेवा कार्य के माध्यम से अब तक हजारों जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिल चुका है। यह शिविर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा का एक विश्वसनीय माध्यम बन गया है।
एक ही स्थान पर सभी प्रमुख जांच एवं उपचार
इस एक दिवसीय शिविर में मरीजों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में निम्नलिखित जांच एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क होंगे :- सामान्य रोग जांच, स्त्रीरोग, नेत्ररोग, दंतरोग, अस्थिरोग एवं उदर रोग जांच, श्वसन रोग, रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच,, खून जांच, एक्स-रे, सोनोग्राफी एवं ईसीजी। आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण इसके अलावा हाइड्रोसिल, हर्निया एवं बवासीर जैसे रोगों के ऑपरेशन भी निःशुल्क किए जाएंगे।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम देगी सेवाएं
शिविर में अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम अपनी सेवाएं देगी, जिसमें :-
डॉ. प्रमोद तिवारी
डॉ. नितिन तिवारी
डॉ. गीतिका शंकर तिवारी
डॉ. सुकृति तिवारी
सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल रहेंगे। गंभीर मरीजों को उचित परामर्श और संभावित उपचार की दिशा भी प्रदान की जाएगी।
समय और पंजीयन की जानकारी
यह भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 6 मई (बुधवार) को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मरीजों का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है।
अधिक से अधिक मरीज उठाएं लाभ
आयोजकों ने सभी जरूरतमंद मरीजों से अपील की है कि वे इस पुण्य अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर पहुंचकर अपना पंजीयन कराएं।
यह शिविर न केवल चिकित्सा सेवा का माध्यम है, बल्कि स्व. पं. बंशराज तिवारी के समाजसेवा के आदर्शों को जीवंत रखने का एक प्रेरणादायी प्रयास भी है।

यह भी पढ़ें : भारतमाला मुआवजा घोटाले की जांच तेज, संभाग आयुक्त ने बनाई दो नई टीम



