छत्तीसगढ़ कांग्रेस में PCC पद को लेकर घमासान, भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा का हमला, बोले कांग्रेस में एकता नहीं, चरम पर अंदरूनी लड़ाई

Purandar Mishra on Congress: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं और बयानबाजी के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस के भीतर चल रहे नेतृत्व विवाद को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि पार्टी में एकता पूरी तरह खत्म हो चुकी है और नेता आपस में ही संघर्ष कर रहे हैं। मिश्रा ने कहा कि वे पहले भी कई बार कह चुके हैं कि कांग्रेस के भीतर भारी गुटबाजी है। नेताओं के बीच तालमेल नहीं है और हर कोई अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में 3200 करोड़ रुपए के घोटाले के बंटवारे को लेकर भी अंदरूनी खींचतान चल रही है, जिसकी वजह से नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा और विवाद बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बदलाव की आहट! PCC चीफ बनने की रेस में टीएस सिंहदेव, बोले- मौका मिला तो संभालूंगा जिम्मेदारी
भाजपा विधायक ने कहा कि वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल जुलाई में पूरा होने जा रहा है, लेकिन अब तक वे अपनी पूरी कार्यकारिणी तक तैयार नहीं कर पाए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि हर बड़ा नेता खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहता है। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि टीएस सिंहदेव कहते हैं कि वे अध्यक्ष बनना चाहते हैं, अमरजीत भगत भी अध्यक्ष बनने की इच्छा जता रहे हैं, जबकि दीपक बैज चाहते हैं कि वे ही पद पर बने रहें। पहले कांग्रेस अपने भीतर यह तय कर ले कि अध्यक्ष कौन होगा, जनता को भ्रमित करने का काम न करे। उन्होंने आगे कहा कि देश की राजनीति में कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है और भाजपा का लक्ष्य कांग्रेस मुक्त भारत है। (Purandar Mishra on Congress)
कमजोर हो चुकी है कांग्रेस: पुरंदर
मिश्रा ने कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो चुकी है और जनता अब भाजपा की विचारधारा को स्वीकार कर रही है। भाजपा विधायक ने पश्चिम बंगाल और असम का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को नकार रही है और आने वाले समय में पार्टी की स्थिति और कमजोर होगी। पश्चिम बंगाल और असम ने यह बता दिया है कि कांग्रेस की कोई औकात नहीं है। दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव के PCC चीफ बनने की इच्छा जाहिर करने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस संगठन में संभावित फेरबदल और नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच भाजपा लगातार कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को मुद्दा बना रही है। जानकारों का मानना है कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव और संगठनात्मक पुनर्गठन को देखते हुए कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में भाजपा भी इस मौके को कांग्रेस की गुटबाजी और नेतृत्व संकट के तौर पर जनता के सामने पेश करने की कोशिश कर रही है।



