Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलमुक्त बस्तर के विकास के लिए केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार साथ-साथ: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah on Bastar: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने कहा कि आज बस्तर की जनता में उत्साह, विश्वास और भविष्य के प्रति आश्वस्तता का वातावरण सर्वत्र नजर आता है। भय के माहौल से निकलकर पूरा बस्तर आज मुक्त सांस ले रहा है। हम सबके लिए यह बड़े आनंद का विषय है कि बस्तर नक्सलमुक्त हो गया है। मैं नि:संकोच कहना चाहता हूं, कई गैर भाजपा सरकारों ने नक्सलमुक्त अभियान में हमारा समर्थन किया है, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने नक्सल उन्मूलन में हमारा समर्थन नहीं किया। 13 दिसंबर 2023 को यहां भाजपा सरकार बनने के बाद हमने बस्तर में बचे हुए नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए फिर से कवायद शुरू की।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन पर सियासी घमासान, शाह ने कहा- नक्सल अभियान में नहीं मिला कांग्रेस सरकार का सहयोग, बघेल बोले- भाजपा झूठ फैलाने में माहिर

शाह ने कहा कि बस्तर को नक्सलमुक्त करवाने के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से यहां करीब 200 सुरक्षा कैंप बनाए गए थे। अब बस्तर नक्सलमुक्त हो गया है तो हमने तय किया है कि इनमें से 70 कैंपों को प्रथम चरण में वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा में तब्दील किया जाएगा। सेवा डेरा का उद्देश्य सरकारी सुविधाओं को बस्तर के हर आदिवासी भाई-बहन के दरवाजे तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे नक्सलमुक्त क्षेत्र के लिए यह लक्ष्य तय किया है कि ‘सुरक्षा से विश्वास’ की यात्रा तय करनी है, ‘विश्वास से विकास’ की यात्रा तय करनी है, ‘विकास से समृद्धि’ की यात्रा तय करनी है और ‘समृद्धि से संतृप्ति’ तक की यात्रा आने वाले 5 सालों में पूरी करनी है। (Amit Shah on Bastar)

कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं सरकार: शाह

गृहमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बस्तर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। हमने ₹20,557 करोड़ की लागत से 12,211 किलोमी​टर सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है। कुल 13,000 मोबाइल टॉवर स्थापित करने की योजना बनाई गई है, जिसमें से 5,000 मोबाइल टॉवर देशभर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगाए जा चुके हैं। बस्तर के सभी नागरिकों को मैं भारत सरकार और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से यह भरोसा दिलाना चाहता हूं कि अब भय में जीने की जरूरत नहीं है। यहां नया सूर्योदय हो चुका है। भले आजादी के इतने सालों बाद ही सही, लेकिन अब विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। यहां के आदिवासी युवा और महिलाएं विश्वास के साथ आगे बढ़ें। भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार कंधे से कंधा मिलाकर आपके साथ खड़ी हैं।

शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि 

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलमुक्त भारत का संपूर्ण यश जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया उन सुरक्षा बलों के जवानों और उनके परिजनों को जाता है। जिन्होंने, नितांत यातनाएं उठाकर इस अभियान को चलाया, लड़ाई लड़ी और यहां के जनजातीय क्षेत्र को नक्सलमुक्त करने में अपना योगदान दिया। मैं फिर से नक्सल मुक्त अभियान के लिए जिन जवानों ने अपना सर्वस्व बलिदान दिया, उन सभी वीर जवानों को मैं मनपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। साथ ही नक्सलवाद के कारण जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उन सभी परिवारों के प्रति मैं संवेदना और सांत्वना व्यक्त करता हूं। जब यह क्षेत्र पूर्ण रूप से विकसित होगा, तब यहां से दुनियाभर में संदेश जाएगा कि यहां स्कूल इसलिए नहीं बन पाए, क्योंकि नक्सलियों ने स्कूलों को तोड़ा था। यहां सड़कें इसलिए नहीं बन सकीं, क्योंकि नक्सलियों ने इसमें विघ्न डाला था। यहां अस्पताल इसलिए नहीं चल पाए, क्योंकि नक्सलियों ने अस्पताल कर्मियों की मार डाला था और यहां बैंक इसलिए नहीं आए, क्योंकि नक्सलियों ने बैंकों को लूटकर उन्हें बंद कराने का काम किया था।

CM विष्णुदेव साय का कांग्रेस पर तंज

उन्होंने कहा कि ये बस्तर के शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा का प्रयोग देशभर में जो हथियार लेकर विकास का रास्ता तलाश रहे हैं, उनके लिए विकास का लोकतांत्रिक मॉडल भारत की ओर से पेश किया जाएगा, इसका मुझे भरोसा है। CM विष्णुदेव साय ने कहा कि एक ओर विपक्ष बस्तर को लेकर लगातार भ्रम और झूठ फैलाने में लगा है, वहीं दूसरी ओर डबल इंजन सरकार बस्तर में विश्वास और जनकल्याण की गंगा बहा रही है। झूठा नैरेटिव गढ़ा गया कि बस्तर की जमीन उद्योगपतियों को सौंप दी जाएगी, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। हमारा उद्देश्य किसी का अधिकार छीनना नहीं, बस्तर के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर वनांचल को समृद्ध, आत्मनिर्भर और खुशहाल बनाना है। (Amit Shah on Bastar)

Back to top button
error: Content is protected !!