Google Analytics —— Meta Pixel

केमिकल से पक रहे फल…! सेहत के नाम पर कहीं खा तो नहीं रहे जहर ?

Chemical Fruits Health Risk: फल हमेशा से अच्छी सेहत का सबसे बड़ा आधार माने जाते रहे हैं। डॉक्टर भी रोजाना ताजे फल खाने की सलाह देते हैं, लेकिन अब बाजार में बिक रहे फलों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। सवाल यह है कि जो फल हमारी थाली तक पहुंच रहे हैं, क्या वे प्राकृतिक तरीके से पके हैं या फिर उन्हें खतरनाक केमिकल्स के जरिए जल्दी तैयार किया गया है ? आम, केला, पपीता और सेब जैसे फलों को आकर्षक और जल्दी पकाने के लिए कई जगहों पर रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुनाफे की होड़ में कुछ कारोबारी फलों को समय से पहले बाजार में उतारने के लिए ऐसे कैमिकल्स का उपयोग करते हैं, जो शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। चमकदार और मीठे दिखने वाले इन फलों के पीछे कई बार धीमा ज़हर छिपा होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक केमिकल से पकाए गए फल शरीर पर धीरे-धीरे असर डालते हैं।

यह भी पढ़ें:- सुशासन तिहार में एक्शन मोड में सरकार, खाद घोटाले पर अधिकारी सस्पेंड

शुरुआत में पेट और पाचन से जुड़ी समस्याएं होती हैं, लेकिन लंबे समय तक ऐसे फलों का सेवन लीवर, किडनी और नर्वस सिस्टम को भी प्रभावित कर सकता है। कई मामलों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। बाजार में जल्दी पकाने और फलों को आकर्षक दिखाने के लिए कई तरह के रसायनों का उपयोग किया जाता है। इनमें सबसे ज्यादा इस्तेमाल कैल्शियम कार्बाइड का होता है। यह फल को जल्दी पकाता है, लेकिन इससे निकलने वाली गैस शरीर के लिए खतरनाक मानी जाती है। इसके अलावा एथिलीन गैस, ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन, वैक्सिंग, आर्टिफिशियल कलर और ज्यादा मात्रा में कीटनाशकों का भी इस्तेमाल किया जाता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि कई बार फलों पर वैक्स की परत चढ़ा दी जाती है, ताकि वे ज्यादा चमकदार दिखें और लंबे समय तक ताजे नजर आएं। वहीं कुछ कारोबारी रंग और कैमिकल्स के जरिए फलों को प्राकृतिक से ज्यादा आकर्षक बना देते हैं। (Chemical Fruits Health Risk)

कैसे पहचानें केमिकल वाले फल ?

केमिकल से पकाए गए फलों की पहचान कुछ आसान तरीकों से की जा सकती है।

  • फलों पर अस्वाभाविक चमक दिखाई देना।
  • रंग का जरूरत से ज्यादा पीला या चमकीला होना।
  • प्राकृतिक खुशबू का न आना।
  • फल को सूंघने पर अजीब गंध महसूस होना।
  • दबाने पर फल बाहर से नरम, लेकिन अंदर से कच्चा निकलना।
  • गूदे का रंग फीका या असमान होना।
  • बाहर से पूरी तरह पका दिखना, लेकिन अंदर से कच्चा होना।

विशेषज्ञों का कहना है कि प्राकृतिक रूप से पके फलों में हल्की खुशबू और समान रंग दिखाई देता है, जबकि केमिकल वाले फलों में यह संतुलन अक्सर बिगड़ा हुआ होता है।

सेहत पर कितना खतरनाक असर ?

डॉक्टरों के मुताबिक लंबे समय तक केमिकल वाले फल खाने से कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर इसका असर ज्यादा गंभीर हो सकता है।

केमिकल वाले फलों के नुकसान

  • पाचन तंत्र खराब होना
  • लीवर को नुकसान
  • किडनी पर असर
  • न्यूरोलॉजिकल समस्याएं
  • त्वचा और सांस से जुड़ी बीमारी
  • कैंसर का खतरा बढ़ना

कैसे करें बचाव ?

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि फल खरीदते समय केवल चमक और रंग देखकर फैसला न करें। जहां तक संभव हो, मौसमी और स्थानीय फल खरीदें। फलों को खाने से पहले अच्छी तरह धोना जरूरी है। कुछ फलों को हल्के गुनगुने पानी में धोने से सतह पर मौजूद कैमिकल्स कम किए जा सकते हैं। इसके अलावा बहुत ज्यादा चमकदार, एक समान रंग वाले और बिना खुशबू वाले फलों से सावधान रहने की जरूरत है। अगर फल असामान्य रूप से जल्दी पकता दिखे, तो उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाना जरूरी है। बढ़ते केमिकल इस्तेमाल के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बाजार में बिक रहे फल वास्तव में सेहत दे रहे हैं या धीरे-धीरे बीमारी का कारण बन रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव मानी जा रही है। (Chemical Fruits Health Risk)

Back to top button
error: Content is protected !!