Google Analytics —— Meta Pixel

PM Modi Rozgar Mela : 19वें रोजगार मेले में PM मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- ‘अनगिनत अवसर कर रहे इंतजार’

पीएम मोदी ने 51000 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।

PM Modi Rozgar Mela : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले (PM Modi Rozgar Mela) में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज युवा देश की विकास यात्रा के अहम भागीदार बन रहे हैं और आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नियुक्ति पाने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनकी मेहनत और लंबी तैयारी शामिल है।

दुनिया में हो रही भारत की युवा शक्ति की चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे दुनिया के विभिन्न देशों में भारत की युवा शक्ति की चर्चा करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए देश अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े स्तर पर निवेश कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगी, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा शिप बिल्डिंग, शिप रिपेयरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से निवेश हो रहा है।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों तक विकास पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को लाभ मिला है। साथ ही करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

युवाओं के लिए खुल रहे नए अवसर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत के युवाओं के पास पहले की तुलना में कहीं अधिक अवसर मौजूद हैं। सरकार स्किल डेवलपमेंट और फ्यूचर टेक्नोलॉजी पर लगातार जोर दे रही है ताकि युवा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। यह बदलाव केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों और छोटे शहरों में भी युवा, खासकर महिलाएं, बड़ी संख्या में स्टार्टअप शुरू कर रही हैं।

‘नागरिक देवो भव:’ हमारा मंत्र

प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त युवाओं से कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का व्यवहार, संवेदनशीलता और कार्यशैली लोगों के विश्वास को मजबूत करती है।

उन्होंने युवाओं से कर्मयोगी प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि “जनसेवा ही प्रभुसेवा” हमारी परंपरा है और “नागरिक देवो भव:” हमारा मंत्र होना चाहिए। (PM Modi Rozgar Mela)

यह भी पढ़े :- Heatwave in India: 28 मई तक आग उगलेंगे आसमान, भीषण लू और उमस से देश बेहाल

Back to top button
error: Content is protected !!