लव मैरिज का दर्दनाक अंत ! पति के अफेयर से परेशान पत्नी ने ली बच्चों की जान, खुद भी फांसी लगाकर की खुदकुशी, पति ने भी दी जान

Durg Family Death Mystery: दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में सामने आए एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच और मौके से मिले सुसाइड नोट ने पूरे घटनाक्रम की भयावह तस्वीर सामने ला दी है। पुलिस जांच में पता चला है कि पारिवारिक विवाद और पति के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर तनाव इतना बढ़ गया था कि पहले मासूम बच्चों की हत्या की गई और फिर पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित घर में गोविंद साहू (45) और पत्नी चंचल साहू (40) के शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले थे। वहीं बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) की लाश बिस्तर पर पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें:- रायपुर के कन्हेरा में बिजली सब-स्टेशन को लेकर बवाल, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को दो सुसाइड नोट मिले। इनमें से एक नोट में चंचल साहू ने पूरी घटना का जिक्र किया है। नोट में शादीशुदा जिंदगी से परेशान होने और पति के दूसरी महिलाओं से संबंध होने की बात लिखी गई है। सुसाइड नोट और पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक घटना को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि पहले दोनों बच्चों को शराब पिलाई गई। इसके बाद उन्हें नींद का इंजेक्शन दिया गया, ताकि वे बेहोश हो जाएं। नोट में लिखा गया है कि जब बच्चों की मौत को लेकर पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई तो रस्सी से उनका गला घोंट दिया गया। इसके बाद पति गोविंद साहू को भी काफी शराब पिलाई। घर के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। (Durg Family Death Mystery)
पहले किसने लगाई फांसी ?
पुलिस को महिला के चेहरे पर चोट और थप्पड़ जैसे निशान भी मिले हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद और झगड़ा हुआ था। पुलिस को शक है कि पहले गोविंद साहू ने फांसी लगाई और उसके बाद पत्नी चंचल साहू ने आत्महत्या की। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। मामले में एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने कहा है कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, सुसाइड नोट और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक चंचल साहू ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ गोविंद साहू से लव मैरिज की थी, लेकिन शादी के कुछ साल बाद से ही दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था। सुसाइड नोट में चंचल ने अपने माता-पिता और भाई से माफी भी मांगी है।
पढ़ाई में अच्छे थे दोनों बच्चे
मृतक दंपती के दोनों बच्चे केपीएस नेहरू नगर में पढ़ाई करते थे। बेटा यशांत पांचवीं पास कर छठवीं में गया था, जबकि बेटी दृष्टि आठवीं पास कर नौवीं कक्षा में पहुंची थी। परिवार को जानने वाले लोग इस घटना से सदमे में हैं। गोविंद साहू शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और उसका ऑफिस प्रियदर्शिनी परिसर में बताया जा रहा है। गोविंद 8 दिन पहले ही बालाजी दर्शन करके लौटा था। इनके आने के बाद बाकी 2 भाई अपने परिवार के साथ पूरी घूमने गए थे और कल रात में ही लौटे थे, जिनके लौटने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत की असली वजह और घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने आ सके। एक खुशहाल दिखने वाले परिवार के भीतर रिश्तों की दरार कितनी गहरी थी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। पति-पत्नी के विवाद ने आखिरकार दो मासूम बच्चों की जिंदगी भी छीन ली और पूरा परिवार खत्म हो गया। अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस दर्दनाक घटना की पूरी सच्चाई सामने लाएगी।



