राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा (Tank Ram Verma) ने सोमवार को रायपुर तहसील कार्यालय और नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक दौरे से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान राजस्व मामलों के निपटारे में देरी और लापरवाही सामने आने पर मंत्री ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने नामांतरण, त्रुटि सुधार, सीमांकन और बंटवारे जैसे मामलों में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण के निर्देश दिए। विशेष रूप से डायवर्सन (व्यपवर्तन) मामलों में धीमी प्रगति पाए जाने पर मंत्री ने रायपुर एसडीएम को फटकार लगाई।
मंत्री Tank Ram Verma ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और फाइलों के रखरखाव की भी समीक्षा की। परिसर में गंदगी और अव्यवस्थित रिकॉर्ड पर असंतोष जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छ वातावरण और आम नागरिकों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभिन्न शाखाओं और न्यायालयों का निरीक्षण
राजस्व मंत्री Tank Ram Verma ने भुइयां शाखा, कानूनगो शाखा, डब्ल्यूबीएन शाखा और मालजमादार शाखा का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में नियमित सुनवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार तारीख मिलने की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बिना सुनवाई के अगली तारीख देने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
लंबित मामलों को जल्द खत्म करने के निर्देश
अधिकारियों ने बताया कि तहसील में दर्ज कुल 65,390 मामलों में से 64,702 का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 688 मामले अभी लंबित हैं। इस पर मंत्री ने सभी लंबित मामलों को समय-सीमा के भीतर शून्य करने का लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए।
जनता से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यालय पहुंचे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
संभागीय स्तर पर मांगा रोडमैप
तहसील कार्यालय के बाद मंत्री ने नवीन संभाग आयुक्त कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने लंबित राजस्व मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए और संभाग के सभी जिलों में राजस्व कार्यों की वास्तविक प्रगति का विस्तृत रोडमैप तैयार करने को कहा।
यह भी पढ़े :- अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हमला, होर्मुज के पास मिसाइल लॉन्चर और जहाज तबाह



