Google Analytics —— Meta Pixel

BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी मामला: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक शातिर आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर लाया जा रहा है। मामले का खुलासा पुलिस आज बुधवार सुबह करेगी।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया था। उसने कहा था कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है। आरोपी ने डीजल भरवाने और तत्काल जरूरत बताकर पैसों की मांग की थी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में भाजपा नेताओं, जिनमें नितिन नवीन समेत कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं। इसी वजह से उस पर आसानी से भरोसा कर लिया गया। आरोपी ने पहले 4,500 रुपए मांगे, लेकिन परेशानी की बात सुनकर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए।

करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की। इस पर विधायक को शक हुआ। उन्होंने भाजपा नेता नितिन नवीन के कार्यालय से संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत ही नहीं है।

इसके बाद खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिली, जिसके बाद रायपुर पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने इस तरह और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

विधायक ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर और पैसों की मांग किए जाने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर जानकारी का सत्यापन करना जरूरी है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भी हो चुके हैं वारदात का शिकार

गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी रायपुर में भाजपा नेताओं को निशाना बनाने की दूसरी बड़ी घटना भी सामने आई थी। देवेंद्र नगर इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए थे। हालांकि उस मामले में पुलिस ने आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

यह भी पढ़े :- उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के जल स्रोतों में ऊदबिलाव की मौजूदगी के मिले प्रमाण

Back to top button
error: Content is protected !!