Google Analytics —— Meta Pixel

देवपुर जंगल में दिखी जायंट मालाबार स्क्विरल, बारनवापारा की समृद्ध जैव विविधता का मिला प्रमाण

बर्डिंग ट्रेल के दौरान दुर्लभ वृक्षवासी गिलहरी का हुआ अवलोकन, प्रकृति प्रेमियों में उत्साह

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार वनमंडल अंतर्गत आयोजित देवपुर समर कैंप-2026 के दौरान प्रकृति प्रेमियों को एक दुर्लभ और रोमांचक अनुभव प्राप्त हुआ। कैंप के शुभारंभ दिवस 16 मई 2026 को देवपुर जंगल में आयोजित बर्डिंग ट्रेल के दौरान जायंट मालाबार स्क्विरल (इंडियन जायंट स्क्विरल) का अवलोकन किया गया। इस दुर्लभ वृक्षवासी गिलहरी की मौजूदगी ने वन्यजीव प्रेमियों, शोधकर्ताओं और संरक्षण कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह का संचार किया है।

हेमंत वर्मा ने की दुर्लभ प्रजाति की पहचान

इस दुर्लभ गिलहरी की पहचान बलौदाबाजार के प्रकृति एवं पक्षी प्रेमी तथा साइबर रिस्क एक्सपर्ट हेमंत वर्मा ने की। उन्होंने बताया कि जायंट मालाबार स्क्विरल सामान्य गिलहरियों की तुलना में आकार में काफी बड़ी होती है तथा इसके शरीर पर गहरे लाल, काले, भूरे और क्रीम रंगों का आकर्षक मिश्रण इसे आसानी से पहचानने योग्य बनाता है। देवपुर जंगल में इसका दिखाई देना क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और स्वस्थ वन पारिस्थितिकी का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

भारत की सबसे बड़ी वृक्षवासी गिलहरियों में शामिल

वैज्ञानिक नाम Ratufa indica वाली जायंट मालाबार स्क्विरल भारत की सबसे बड़ी वृक्षवासी गिलहरियों में गिनी जाती है। इसकी कुल लंबाई पूंछ सहित लगभग तीन फीट तक हो सकती है। यह पूरी तरह वृक्षवासी स्वभाव की होती है और अपना अधिकांश जीवन ऊंचे पेड़ों की शाखाओं पर ही व्यतीत करती है। यह बहुत कम जमीन पर उतरती है तथा एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक लगभग 20 फीट लंबी छलांग लगाने की क्षमता रखती है।

स्वस्थ वन तंत्र का महत्वपूर्ण संकेत

विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रजाति की उपस्थिति किसी भी वन क्षेत्र में घने वृक्ष आवरण, पर्याप्त भोजन स्रोत और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत मानी जाती है। यही कारण है कि देवपुर जंगल में इसका दिखाई देना बारनवापारा क्षेत्र के वनों की जैविक समृद्धि को दर्शाता है।

कानूनी संरक्षण प्राप्त प्रजाति

अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) की रेड लिस्ट में जायंट मालाबार स्क्विरल को “Least Concern” श्रेणी में रखा गया है, लेकिन जंगलों की कटाई और आवास विखंडन जैसी चुनौतियों के कारण इसके प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहे हैं। भारत में यह प्रजाति वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-II के अंतर्गत संरक्षित है। इसके शिकार अथवा व्यापार पर कानूनी प्रतिबंध है और ऐसा करना दंडनीय अपराध माना जाता है।

बच्चों और प्रतिभागियों के लिए बना यादगार अनुभव

देवपुर समर कैंप के दौरान इस दुर्लभ वन्यजीव का अवलोकन प्रतिभागियों, विशेषकर बच्चों और युवाओं के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे प्रत्यक्ष वन्यजीव अवलोकन प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : डीएफओ

वनमंडलाधिकारी बलौदाबाजार धम्मशील गणवीर ने कहा कि बारनवापारा अभयारण्य एवं इसके आसपास के वन क्षेत्र जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के वन्यजीव अवलोकन हमें जंगलों के महत्व को समझने का अवसर देते हैं तथा इनके संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रकृति शिक्षा और जागरूकता आधारित गतिविधियों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा सकता है।

यह भी पढ़े :- SIR Supreme Court Verdict : ‘SIR को गैर-संवैधानिक नहीं ठहरा सकते, निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी’: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

Back to top button
error: Content is protected !!