कॉकरोच जनता पार्टी को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, X अकाउंट बहाल करने से इनकार
नई दिल्ली। अभिजीत दिपके के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा कानूनी झटका लगा है। शुक्रवार को अदालत ने पार्टी के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को तत्काल बहाल करने का निर्देश देने से इनकार कर दिया। अदालत ने अकाउंट पर पोस्ट की गई कुछ सामग्री को प्रथम दृष्टया “आपत्तिजनक” माना और कहा कि मामले में समग्र रूप से विचार किए जाने की आवश्यकता है।
न्यायमूर्ति पुरुषैन्द्र कुमार कौरव की पीठ ने कहा कि केंद्र सरकार और एक्स प्लेटफॉर्म का पक्ष सुने बिना कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं किया जाएगा। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की पूरी सुनवाई के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिबल ने पैरवी की। उन्होंने अदालत से कहा कि यदि कुछ विवादित पोस्ट ब्लॉक ही रहें तो भी उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन पूरे अकाउंट को बंद करना उचित नहीं है। सिबल ने अपने पक्ष में पूर्व के कुछ मामलों का हवाला देते हुए अंतरिम राहत की मांग की।
हालांकि अदालत ने तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, पीठ ने टिप्पणी की कि “अन्य मामलों और इस मामले में अंतर दिखाई देता है। यहां पूरी गतिविधि ही कुछ हद तक आपत्तिजनक प्रतीत होती है।”
इसके बावजूद अदालत ने दिपके को केंद्र सरकार की समीक्षा समिति के समक्ष अपना पक्ष रखने की अनुमति दी। यह समिति सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करने संबंधी आदेशों की समीक्षा करती है।
क्या है पूरा मामला
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक व्यंग्यात्मक संगठन के रूप में हुई थी, लेकिन हाल के दिनों में यह सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई। पार्टी ने आरोप लगाया था कि उसका एक्स अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है।
यह भी पढ़े :- विधायक और नायब तहसीलदार विवाद ने पकड़ा तूल, राजस्व अधिकारी धरने पर



