एक क्लिक से खाली हुआ बैंक अकाउंट, ‘गूगल अपडेट’ के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खेल

Cyber Fraud in Durg: अगर आपके मोबाइल पर किसी अपडेट, इनाम या ऑफर के नाम पर कोई संदिग्ध लिंक आए तो उस पर क्लिक करने से पहले सतर्क हो जाइए। साइबर ठग अब डिजिटल दुनिया में नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। दुर्ग में साइबर ठगी का ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को ‘गूगल अपडेट’ के नाम पर भेजे गए लिंक ने लाखों रुपए का नुकसान पहुंचा दिया। जानकारी के मुताबिक महेंद्र कुमार देशलहरा अपने मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर ‘गूगल अपडेट’ के नाम से एक मैसेज आया, जिसमें एक लिंक भेजा गया था। महेंद्र ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया। फोन इस तरह काम करने लगा मानो कोई दूसरा व्यक्ति उसे ऑपरेट कर रहा हो।
यह भी पढ़ें:-तोड़फोड़ और अधिकारियों को बंधक बनाने के आरोप में कांग्रेसी पार्षद बर्खास्त
पीड़ित के मुताबिक लिंक पर क्लिक करने के बाद करीब छह घंटे तक मोबाइल पूरी तरह बंद जैसा पड़ा रहा। शुरुआत में उन्हें लगा कि फोन में तकनीकी खराबी आ गई है, लेकिन जब मोबाइल दोबारा चालू हुआ तो उनके होश उड़ गए। महेंद्र कुमार देशलहरा ने बताया कि 22 मई को सुबह करीब 11:30 बजे उनके बैंक खाते से 94 हजार रुपए से ज्यादा की राशि निकाल ली गई। इसके ठीक एक मिनट बाद सुबह 11:31 बजे फिर 5,001 रुपए ट्रांसफर कर दिए गए। इतना ही नहीं, अगले दिन 23 मई को शाम करीब 4 बजे उनके खाते से फिर 99,500 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित का कहना है कि ठगी के दौरान उनका मोबाइल पूरी तरह उनके नियंत्रण से बाहर हो गया था। फोन का कोई भी सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा था और उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर उनके साथ क्या हो रहा है। (Cyber Fraud in Durg)

घटना के बाद घबराए महेंद्र तुरंत बैंक पहुंचे और खाते की जानकारी निकलवाई। जांच में पता चला कि साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से रकम पार कर दी है। इसके बाद महेंद्र देशलहरा ने मोहन नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस को साइबर थाने ट्रांसफर कर दिया है, जहां पूरे मामले की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि डिजिटल दुनिया में छोटी सी लापरवाही भी बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है। साइबर अपराधी अब फर्जी लिंक, फेक अपडेट और मोबाइल हैकिंग के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। (Cyber Fraud in Durg)
साइबर ठगी से बचने के लिए क्या करें
मोबाइल पर आए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
किसी भी संदिग्ध ऐप को डाउनलोड करने से बचें।
ओटीपी, बैंक डिटेल या व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें।
अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर तुरंत भरोसा न करें।
किसी के कहने पर जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर न करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
ठगी से जुड़े सभी स्क्रीनशॉट और सबूत सुरक्षित रखें।
घटना के एक से तीन घंटे के भीतर शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट जरूर करें।
साइबर ठगों से ऐसे रहें सावधान
व्यक्तिगत जानकारी किसी को न दें।
संदिग्ध नंबरों से ज्यादा बातचीत न करें।
बैंकिंग ऐप और मोबाइल को हमेशा अपडेट रखें।
फोन में मजबूत पासवर्ड और सुरक्षा फीचर का इस्तेमाल करें।
किसी भी फर्जी ऑफर, इनाम या अपडेट मैसेज से सतर्क रहें।



