सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल
Surya Murder Case Asad Encounter : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह वारदात के बाद से फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया, जबकि आरोपी का एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
सूर्या हत्याकांड के बाद से फरार था आरोपी
जानकारी के मुताबिक 28 मई को पुरानी रंजिश के चलते असद और उसके साथियों ने सूर्या चौहान पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या को उपचार के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पांच आरोपियों को नामजद किया गया था। इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी असद की तलाश जारी थी। (Surya Murder Case Asad Encounter)
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने साथियों से मिलने और पैसे लेकर क्षेत्र छोड़ने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर खोड़ा और वसुंधरा इलाके में चेकिंग एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, बाइक पर सवार असद और उसके साथी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में हुई मौत
घायल असद को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान खोड़ा थाने का एक कांस्टेबल भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी की बाइक और एक देशी पिस्टल बरामद की है। वहीं असद का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। (Surya Murder Case Asad Encounter)
यह भी पढ़े :- बिलासपुर में रेत घाट विवाद ने लिया हिंसक रूप, ठेकेदार के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला, तीन घायल



