डॉक्टर साहब का गुस्सा बता रहा सरकार की सेहत खराब है: पूर्व CM भूपेश बघेल

Congress on Raman Singh: बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अधिकारियों पर नाराजगी अब सियासी मुद्दा बन गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि डॉक्टर साहब का गुस्सा बता रहा है कि सरकार की सेहत खराब है, लेकिन दिक्कत ये है कि डॉक्टर साहब परहेज मरीज को बताने की बजाय तीमारदार को बता रहे हैं। वैसे, विधानसभा अध्यक्ष जिस प्रकार से मुख्यमंत्री के सम्मान की रक्षा कर रहे हैं, वो देखना सुखद है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने कहा कि जमीनी हकीकत यह है कि रिमोट कंट्रोल सरकार में व्यवस्था चरमरा चुकी है और सरकार सुशासन के नाम पर केवल वाहवाही बटोरने में व्यस्त है।
यह भी पढ़ें:- बेमेतरा में सामूहिक विवाह समारोह की अव्यवस्था पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कलेक्टर-SP को लगाई फटकार
कांग्रेस ने आगे कहा कि जब सरकार के शीर्ष नेता ही सार्वजनिक मंच से व्यवस्था पर सवाल उठाने लगें, तो समझना चाहिए कि डबल इंजन सरकार का प्रशासनिक मॉडल सिर्फ प्रचार तक सीमित रह गया है। यह सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री की समस्या नहीं है, बल्कि पूरा प्रदेश प्रशासनिक अराजकता की चपेट में है। सुशासन के दावों की हकीकत अब सरकारी मंचों पर ही बेनकाब होने लगी है। मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का स्वागत कलेक्टर ने पीछे से किया। बदहाल प्रशासनिक व्यवस्था में मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल और गरिमा तक का पालन नहीं किया जा रहा है तो फिर प्रदेश की जनता हर रोज किन समस्याओं का सामना कर रही है यह अंदाजा लगाया जा सकता है। शायद रिमोट कंट्रोल सरकार में अधिकारियों को भी पता है कि किसे कितना सम्मान देना है। (Congress on Raman Singh)

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री “सुशासन तिहार” चला रहे हैं, लेकिन अब खुद अव्यवस्था का शिकार हो गए हैं। हम लोगों ने बेमेतरा जिले का एक वीडियो देखा, जिसमें मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री-विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का स्वागत कलेक्टर ने पीछे से किया, लेकिन बीच में हस्तक्षेप करते हुए डॉ. रमन सिंह अधिकारियों को कड़े शब्दों में खरी-खरी सुनाते हैं। उन्होंने कहा कि मैं भी 15 साल मुख्यमंत्री रहा हूं, लेकिन ऐसी अव्यवस्था कभी नहीं देखी। इसीलिए हम कहते हैं कि आखिर यह सरकार चला कौन रहा है। बैज ने कहा कि अधिकारी विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह को पीछे से स्वागत करते हैं। गजब का सुशासन है। रमन सिंह निंदा करते हुए कड़े शब्दों में कह रहे हैं कि अभी तक अवस्था नहीं दिखी, 15 साल मैं भी मुख्यमंत्री रहा हूं। कितना दुर्भाग्य है सरकार का। सरकार चला कौन रहा है और कहां से चल रही है। यह सरकार भगवान भरोसे चल रही है। सुशासन तिहार से पहले कम से कम अपनी सरकार को ठीक-ठाक कर ले।



