CG NEWS : कूलर में उतरे करंट ने ली जान, परिवार के इकलौते कमाने वाले की दर्दनाक मौत

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में कूलर में पानी भरते समय करंट लगने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिसके निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कैंप-1 स्थित त्रिदशेश्वर मंदिर के पास रहने वाले संतोष कुमार यादव (49 वर्ष) अपने घर में चल रहे कूलर में पानी भर रहे थे। इसी दौरान कूलर में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर वे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के समय घर में मौजूद रिश्तेदारों ने तत्काल बिजली का स्विच बंद कर संतोष को कूलर से अलग किया और उपचार के लिए शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कूलर में करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी।
परिचितों के अनुसार, संतोष कुमार यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं। संतोष की असामयिक मौत से पूरे परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं बिजली विभाग ने लोगों से गर्मी के मौसम में कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि उपकरणों की नियमित जांच और उचित अर्थिंग सुनिश्चित करने से इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
यह भी पढ़े :- तापमान में गिरावट से मिली राहत, गर्मी का असर अभी भी बरकरार, मरवाही में लू से मादा भालू की मौत



