Google Analytics —— Meta Pixel

तापमान में गिरावट से मिली राहत, गर्मी का असर अभी भी बरकरार, मरवाही में लू से मादा भालू की मौत

Summer Impact in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन गर्मी का असर अब भी पूरी तरह कम नहीं हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले एक हफ्ते के दौरान तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई है। इसके बावजूद कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर बना हुआ है। इसी बीच मरवाही वनमंडल से आई एक घटना ने बढ़ती गर्मी के असर को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जहां भीषण गर्मी और लू के कारण एक मादा भालू की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मरवाही वनमंडल के पिपरिया गांव से लगे जंगल में ग्रामीणों ने एक मादा भालू को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में अत्यधिक गर्मी और लू को मौत की वजह माना गया है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, 14 जिलों में येलो अलर्ट, अगले पांच दिन आंधी, बारिश और गाज गिरने की चेतावनी

मरवाही डीएफओ ग्रीष्मी चांद ने भी लू से भालू की मौत की पुष्टि की है। वन विभाग का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और जंगलों में जलस्रोतों पर बढ़ते दबाव का असर वन्यजीवों पर भी पड़ रहा है। गर्मी के दिनों में वन्य प्राणी पानी और छांव की तलाश में लंबी दूरी तय करने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य प्रभावित होता है। प्रदेश के तापमान की बात करें तो सोमवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। दुर्ग में 40.4 डिग्री, बिलासपुर में 39 डिग्री और रायपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रारोड में 36.2 डिग्री, अंबिकापुर में 36.1 डिग्री और जगदलपुर में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया। (Summer Impact in Chhattisgarh)

24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि प्रदेश में जारी बारिश और आंधी की गतिविधियां लोगों को आंशिक राहत देती रहेंगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्री-मानसून की सक्रियता के कारण तापमान में कमी आई है, लेकिन जमीन की गर्मी अभी भी काफी अधिक है। इसी वजह से दिन के समय उमस और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के बावजूद गर्म हवाओं का प्रभाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। एक ओर बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है, वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी और लू का प्रभाव अब भी बना हुआ है। मरवाही में मादा भालू की मौत इस बात का संकेत है कि बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी का असर केवल इंसानों पर ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों पर भी पड़ रहा है। 

Back to top button
error: Content is protected !!