Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, 14 जिलों में येलो अलर्ट, अगले पांच दिन आंधी, बारिश और गाज गिरने की चेतावनी

Rain Alert in Chhattisgarh: भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे छत्तीसगढ़ में अब मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक बालोद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस, ED ने की 1200 करोड़ की संपत्ति अटैच, आखिर कब सामने आएगा पूरे सिंडिकेट का सच ?

ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में दो बड़े मौसम तंत्र सक्रिय हैं। पहला चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में बना हुआ है, जबकि दूसरा दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के आसपास सक्रिय है। इन दोनों सिस्टमों के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी प्रदेश की ओर पहुंच रही है। वातावरण में बढ़ी नमी और अस्थिरता की वजह से बादलों का निर्माण तेजी से हो रहा है और प्री-मानसून गतिविधियां मजबूत हुई हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान भी इसका असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिला। गरियाबंद जिले में सर्वाधिक 30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं सुकमा और सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र में 20-20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बस्तर संभाग के तोकापाल, जगदलपुर और आसपास के इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

Rain Alert in Chhattisgarh
Weather File Photo

कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हवाओं के चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। राजधानी रायपुर में भी मौसम का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर और शाम के समय बारिश की गतिविधियां ज्यादा देखने को मिल सकती हैं। बस्तर और सरगुजा संभाग के साथ-साथ रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, गरियाबंद, महासमुंद, रायगढ़, जशपुर और कोरबा जिलों में भी मौसम का प्रभाव ज्यादा रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

Rain Alert in Chhattisgarh
Rain Alert

भीषण गर्मी के बीच सक्रिय हुई प्री-मानसून गतिविधियों ने लोगों को राहत की उम्मीद दी है। हालांकि तेज हवाओं, वज्रपात और आंधी-बारिश को देखते हुए मौसम विभाग लगातार सतर्क रहने की अपील कर रहा है। आने वाले पांच दिन प्रदेश के मौसम के लिहाज से काफी अहम माने जा रहे हैं। इस बीच यह भी सवाल उठ रहा है कि लगातार जारी चेतावनियों और बढ़ते आकाशीय बिजली के खतरे के बीच क्या जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र गांव-गांव तक समय पर अलर्ट पहुंचाने और जनहानि रोकने के लिए पूरी तरह तैयार है ? क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग बारिश से बचने के लिए पेड़ों के नीचे खड़े हो जाते हैं और आकाशीय बिजली की चपेट में आ जाते हैं, इसलिए प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े होते हैं। (Rain Alert in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!