छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत चुनाव परिणाम घोषित, पांच में से तीन अध्यक्ष पद भाजपा के खाते में, कांग्रेस से कड़ा मुकाबला

Municipal Panchayat Election Result: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम और उप-निर्वाचन की मतगणना पूरी कर ली गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सभी जिलों में मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए गए हैं। नगरीय निकायों के चुनाव पार्टी सिंबल पर कराए गए थे। कुल पांच अध्यक्ष पदों में से तीन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है, जबकि दो सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। भाजपा ने बम्हनीडीह, शिवनंदनपुर और सहसपुर लोहारा में जीत हासिल की, वहीं कांग्रेस ने पलारी और घुमका में अध्यक्ष पद पर सफलता पाई।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली अग्निकांड: होटल में जिंदा जल गए लोग, 21 मौतों के बाद उठे बड़े सवाल, रिहायशी इलाके में कैसे बन गया होटल हब ?
पार्षद पदों के परिणामों में भी भाजपा ने बढ़त बनाई है। कुल 71 पार्षद पदों में से 39 पर भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि कांग्रेस ने 30 सीटें जीतीं। वहीं 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव गैर-दलीय आधार पर संपन्न हुए। पंच के कुल 1136 रिक्त पदों में से 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि 107 पदों पर सविरोध चुनाव कराए गए। इसके अलावा 385 पदों पर आंशिक स्थिति और 4 स्थानों पर नामांकन प्राप्त नहीं हुए या सभी नामांकन निरस्त हो गए। सरपंच के 82 रिक्त पदों में से 15 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, 34 पदों पर चुनाव हुए और 30 पदों पर अन्य स्थितियां दर्ज की गईं, जबकि 3 स्थानों पर नामांकन संबंधी स्थिति रही। जनपद सदस्य के सभी 10 पदों पर चुनाव कराए गए। (Municipal Panchayat Election Result)
विजयी प्रत्याशियों को मिला निर्वाचन प्रमाण पत्र
मतदान के बाद 01 जून 2026 को हुए पंचायत चुनावों की मतगणना स्थल पर ही संपन्न की गई थी, जबकि 04 जून 2026 को उसका सारणीकरण किया गया। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी परिणामों की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में लागू आदर्श आचरण संहिता को समाप्त घोषित कर दिया है। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के नतीजे सामने आने के साथ ही अब तस्वीर साफ हो गई है, जहां निकाय चुनावों में भाजपा ने बढ़त बनाई है, वहीं कांग्रेस ने भी कुछ अहम सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई मतगणना के बाद अब सभी क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता भी समाप्त कर दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नगर पंचायत निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी को मिले शानदार जनादेश के लिए प्रदेश की जनता का हार्दिक आभार। सहसपुर लोहारा, बम्हनीडीह और शिवनंदनपुर नगर पंचायतों में भाजपा प्रत्याशियों की विजय प्रदेशवासियों के सुशासन, विकास और जनकल्याण के प्रति विश्वास का प्रतीक है। यह परिणाम स्पष्ट संकेत है कि छत्तीसगढ़ की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति पर अपना विश्वास लगातार मजबूत कर रही है। भाजपा प्रत्याशियों की विजय जनता के विश्वास और हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है। यह जीत भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, संगठन की शक्ति और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनहितकारी नीतियों पर जनता की मुहर है। जनता का यह विश्वास हमें और अधिक समर्पण, जवाबदेही और सेवा भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। सभी विजयी जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी जनसेवा और विकास के नए मानक स्थापित करेंगे।



