रायपुर पहुंचीं कंगना रनौत, ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग में होंगी शामिल
रायपुर। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत आज सोमवार को अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होने रायपुर पहुंचीं। राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर विधायक अनुज शर्मा, रायपुर महापौर मीनल चौबे समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कंगना रनौत के स्वागत के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रायपुर के जोरा स्थित द मॉल में आयोजित की गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे तथा मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों से संवाद करेंगे।
बताया जा रहा है कि ‘भारत भाग्य विधाता’ वर्ष 2008 में हुए मुंबई 26/11 आतंकी हमले की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में हमले के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों, सुरक्षा बलों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और संघर्ष को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
विशेष स्क्रीनिंग को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है। फिल्म जगत और राजनीति से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी के कारण यह आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। आयोजकों के अनुसार, स्क्रीनिंग के बाद कलाकारों एवं फिल्म से जुड़े सदस्यों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया जा सकता है।
रायपुर में आयोजित यह विशेष स्क्रीनिंग फिल्म के प्रचार अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है, जिसके माध्यम से दर्शकों को फिल्म की कहानी और उसके संदेश से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़े :- स्टील प्लांट में मौत का मंजर, गर्म लोहा गिरने से 8 श्रमिकों की दर्दनाक मौत



