महाराष्ट्र में कार-बाइक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, जम्मू-कश्मीर में BSF की बस दुर्घटनाग्रस्त, 4 जवान घायल

Road Accident in Maharashtra: देश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला महाराष्ट्र के जलगांव जिले का है, जहां कार और बाइक की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में BSF की बस के ब्रेक फेल होने से हुए हादसे में 4 जवान घायल हो गए। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में सुबह एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा अमलनेर क्षेत्र के लोंढे फाटा के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ। दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक कार में सवार लोग गुजरात से एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh News: खरोरा वेयरहाउस का निरीक्षण करने पहुंचे राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक बस से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार नंदलाल महाजन, अनीता महाजन, सुरेश महाजन और निर्मला महाजन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार निलेश तावड़े और फाल्गुनी भोई ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना में कार चालक आदित्य महाजन गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे, जिन्होंने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। (Road Accident in Maharashtra)
जम्मू-कश्मीर में BSF की बस के ब्रेक फेल
वहीं जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में नेशनल हाईवे-44 पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अधिकारियों के मुताबिक बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिसके बाद वह नियंत्रण खो बैठी और दो अन्य वाहनों से जा टकराई। हादसे में BSF के 4 जवान घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने NH-44 की अपट्यूब को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। फिलहाल वाहनों की आवाजाही डाउनट्यूब के जरिए डायवर्ट की जा रही है।

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित राज्यों की पुलिस और प्रशासनिक टीमें हादसों के कारणों की जांच में जुट गई हैं। महाराष्ट्र में टक्कर की परिस्थितियों और वाहन की गति की जांच की जा रही है, जबकि जम्मू-कश्मीर में BSF बस के ब्रेक फेल होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इन दोनों हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच की आवश्यकता को उजागर किया है। देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए इन दो सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली, जबकि सुरक्षा बल के जवान भी दुर्घटना का शिकार हुए। फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है और प्रशासन हादसों के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है। (Road Accident in Maharashtra)



