Google Analytics —— Meta Pixel

परीक्षा प्रणाली पर फिर सवाल, बालोद के अग्रणी महाविद्यालय में LLB परीक्षा के दौरान बांट दिए गए गलत प्रश्न पत्र, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

LLB Exam Error Exposed: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां जिले के प्रतिष्ठित घनश्याम सिंह गुप्त अग्रणी महाविद्यालय में LLB सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान गंभीर प्रशासनिक चूक देखने को मिली, जहां छात्रों को निर्धारित विषय के बजाय गलत प्रश्न पत्र वितरित कर दिया गया। इस घटना ने न सिर्फ परीक्षा केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन के बीच समन्वय की कमी को भी उजागर कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक LLB सेकंड सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षा अपराध शास्त्र (क्रिमिनोलॉजी, पेनोलॉजी और विक्टिमोलॉजी) विषय की होनी थी।

यह भी पढ़ें:- महंगाई के बीच बिजली का झटका, जानिए आम उपभोक्ता, किसानों और व्यापारियों पर कितना पड़ेगा नई दरों का असर

परीक्षा शुरू होते ही छात्रों को जो प्रश्न पत्र वितरित किए गए, वे विषय के अनुरूप नहीं थे। छात्रों को ‘क्रिमिनोलॉजी और पेनोलॉजी का पेपर थमा दिया गया। सबसे गंभीर बात यह रही कि परीक्षा कक्ष में मौजूद वीक्षक और प्रशासनिक स्टाफ शुरुआत में इस गलती से अनजान रहे। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर परीक्षा हॉल में बैठी कुछ छात्राओं ने प्रश्न पत्र के विषय, कोड और पैटर्न में असमानता महसूस की। उन्होंने तुरंत इस पर आपत्ति दर्ज कराई और परीक्षा में तैनात शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। छात्राओं की इस सतर्कता के बाद जब प्रश्न पत्रों का मिलान विश्वविद्यालय की सूची से किया गया, तो पूरी गलती सामने आ गई। इस खुलासे के बाद पहले से बांटे गए प्रश्न पत्रों को तत्काल वापस लिया गया। (LLB Exam Error Exposed)

आधे घंटे की देरी से शुरू हुई परीक्षा

लापरवाही सामने आने के बाद परीक्षा प्रक्रिया बाधित हो गई। स्थिति संभालने के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने तत्काल विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग से संपर्क किया। सुबह 11 बजकर 9 मिनट पर विश्वविद्यालय की ओर से सही प्रश्न पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजा गया। इसके बाद कॉलेज में तुरंत प्रिंट और फोटोकॉपी कर विद्यार्थियों को नया प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया के चलते परीक्षा लगभग 30 मिनट की देरी से शुरू हो सकी, जिससे परीक्षार्थियों में तनाव की स्थिति देखी गई। गलती उजागर होने के बाद परीक्षा सेल में कर्मचारियों को तत्काल प्रिंट और फोटोकॉपी की व्यवस्था में लगाया गया। विश्वविद्यालय से आए ई-मेल को आधार बनाकर नए प्रश्न पत्र तैयार किए गए और परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई। (LLB Exam Error Exposed)

जिम्मेदारी पर विश्वविद्यालय-कॉलेज आमने-सामने

इस गंभीर लापरवाही के बाद अब जिम्मेदारी तय करने को लेकर विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। कॉलेज प्रशासन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय की ओर से ही गलत प्रश्नपत्र का बंडल भेजा गया था। वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने से पहले स्ट्रांग रूम से प्रश्नपत्र निकालते समय कोड और विषय का मिलान क्यों नहीं किया गया। इस पूरे घटना ने परीक्षा संचालन प्रणाली की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। इस घटना ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर छात्राएं समय पर प्रश्न पत्र में गलती नहीं पकड़तीं, तो क्या परीक्षा गलत प्रश्नपत्र के आधार पर ही पूरी कराई जाती? यह घटना उच्च शिक्षा व्यवस्था की तैयारियों, निगरानी तंत्र और परीक्षा सुरक्षा प्रणाली की गंभीर खामियों को उजागर करती है।

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा प्रणाली सिर्फ कागजी तैयारियों पर निर्भर नहीं रह सकती, बल्कि वास्तविक समय में सख्त निगरानी और क्रॉस-चेकिंग की आवश्यकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही छात्रों के भविष्य पर सीधे असर डाल सकती है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को कमजोर करती है। बालोद का यह मामला सिर्फ एक तकनीकी गलती नहीं, बल्कि प्रशासनिक समन्वय की बड़ी विफलता के रूप में देखा जा रहा है। जहां एक ओर छात्राओं की सतर्कता ने एक गंभीर शैक्षणिक संकट को टाल दिया, वहीं दूसरी ओर पूरी परीक्षा प्रणाली की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!