Google Analytics —— Meta Pixel

कोरिया में रेत कारोबार की रंजिश ने ली तीन जानें, हूटर विवाद से शुरू हुआ तनाव, वर्चस्व की लड़ाई में भड़की खूनी हिंसा

Koriya Murder Case: कोरिया जिले के नौगई गांव में हुए चर्चित हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे रेत कारोबार, राजनीतिक प्रभाव और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई की परतें खुलती जा रही हैं। भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत के पीछे कई महीनों से चला आ रहा विवाद प्रमुख वजह माना जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक चिरमी रेत घाट का ठेका सिंह परिवार से जुड़ा था। इसके बाद क्षेत्र में रेत परिवहन और वसूली को लेकर दबदबा कायम करने की कोशिशें तेज हो गई थीं। आरोप है कि रेत से भरे हाईवा वाहनों से शुल्क वसूला जाता था और इस मुद्दे को लेकर कई कारोबारी और वाहन मालिक नाराज थे।

यह भी पढ़ें:- कोरिया हत्याकांड में भाजपा नेता समेत अब तक तीन लोगों की मौत, परिजनों ने की CBI जांच और एनकाउंटर की मांग

भरत सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी में हूटर लगाए जाने को लेकर भी विवाद सामने आया था। इसकी शिकायत सोनहत थाने में की गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर वाहन से हूटर हटवाया था। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक और व्यक्तिगत तनाव और बढ़ गया। क्षेत्र में यह चर्चा भी रही कि दोनों पक्ष अपने-अपने राजनीतिक प्रभाव के कारण मजबूत स्थिति में थे। एक ओर भरत सिंह को स्थानीय भाजपा नेतृत्व का करीबी माना जाता था, वहीं दूसरी ओर आरोपी पक्ष के मनोज त्रिपाठी को भी प्रभावशाली राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने की बात कही जाती रही है। (Koriya Murder Case)

तीन दिन से सुलग रहा था विवाद

पुलिस जांच और स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना से पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी और टकराव हो चुका था। तीन दिन पहले हुए विवाद के बाद निशांत त्रिपाठी ने मयंक सिंह, उत्कर्ष सिंह और लवकुश सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। मंगलवार को हुई मारपीट के बाद हालात और बिगड़ गए। इसके कुछ घंटे बाद नौगई गांव में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक हमले में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से रास्ता रोककर हमला किया और फॉर्च्यूनर को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद नौगई, सोनहत और बैकुंठपुर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं। (Koriya Murder Case)

जांच के केंद्र में रेत कारोबार

बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने घटना को जिले के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं विपक्ष और स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या पूरा विवाद सिर्फ व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम था या इसके पीछे रेत कारोबार और कथित अवैध वसूली का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। जांच एजेंसियां दोनों पक्षों की गतिविधियों, वित्तीय लेन-देन और विवाद के पुराने मामलों की भी पड़ताल कर रही हैं। सरगुजा रेंज पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में पुरानी रंजिश और रेत कारोबार से जुड़े विवाद को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!